गैस सिलेंडर व आवश्यक वस्तु अधिक मूल्य पर बेचने पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा
गैस सिलेंडर एवं आवश्यक वस्तु अधिक मूल्य पर बेचने पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
वाराणसी, जेएनएन। कोरोना वायरस से संक्रमण एवं बचाव के लिए आगामी तीन सप्ताह तक लॉकडाउन है। इस दौरान जनसामान्य को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुगमता के साथ रिटेल प्राइज पर उपलब्ध कराए जाने तथा अधिक मूल्य वसूलने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने के संबंध में जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के कड़े तेवर का असर अब दिखने लगा है।
बुधवार को गैस सिलेंडर अधिक मूल्य पर बिक्री किए जाने पर गाय घाट के मनोज महतो तथा मंजूर अली के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराते हुए 54 गैस सिलेंडर पकड़े गए। इसके अलावा सारनाथ थाना क्षेत्र में थोक विक्रेता जय नारायण गुप्ता थाना क्षेत्र के संजय स्टोर के संचालक को निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि पर सामग्री बिक्री करते हुए पकड़े जाने पर उनके विरुद्ध संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराया गया।
बाजार में हालांकि आम कीमतों से अधिक लिए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। हलांकि मजबूरी में लोग महंगी कीमतों पर यह सब लेने को विवश हैं। गलियों में खुली दुकानों पर रेट आसमान की ऊंचाई छू रहे हैं तो दूसरी ओर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी सुस्त है। जिला प्रशासन हालांकि जल्द ही आपूर्ति को पूरी तरह बहाल करने का दावा कर रही है।