वाराणसी में कोरोना महामारी के चलते जुलाई में भी स्कूल खुलने की संभावना कम
वाराणसी में जुलाई में भी स्कूल खुलने की संभावना कम ही है। इसे देखते अब शिक्षण संस्थाओं ने ऑनलाइन क्लास जारी रखने का निर्णय लिया है।
वाराणसी, जेएनएन। कोविड-19 के प्रकोप से स्कूल-कालेज मार्च से ही बंद चल रहे हैं। फिलहाल जुलाई में भी स्कूल खुलने की संभावना कम ही है। इसे देखते अब शिक्षण संस्थाओं ने ऑनलाइन क्लास जारी रखने का निर्णय लिया है। वहीं संसाधनों (स्मार्ट फोन) के अभाव में सरकारी विद्यालयों के करीब 40 फीसद बच्चे अब भी ऑनलाइन क्लास से नहीं जुड़ सके हैं। इसे देखते हुए अब शिक्षा विभाग टीवी चैनलों के माध्यम से शिक्षा बच्चों के घर-आंगन तक पहुंचाने जुटी हुई है।
दूरदर्शन के माध्यम से ऑनलाइन क्लास
इसी क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग ने दूरदर्शन व आकाशवाणी के माध्यम भी शैक्षिक गतिविधियां जारी की है। परिषदीय विद्यालयों के कक्षा एक से आठ तक के बच्चों के लिए दूरदर्शन पर सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं। इसके अलावा आकाशवाणी के प्राइमरी चैनल पर सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक शैक्षिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं। दूरदर्शन के डीडी चैनल के अलावा डिश टीवी पर भी इसका प्रसारण देखा व सुना जा सकता है। बेसिक शिक्षा विभाग इसके प्रचार-प्रसार में भी जुटा हुआ है ताकि जिन बच्चों के पास स्मार्ट फोन नहीं हैं, वे दूरदर्शन के माध्यम से ऑनलाइन क्लास कर सकें। बच्चों को दूरदर्शन पर चल रहे ऑनलाइन क्लास से जोडऩे के लिए मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय (आशापुर) की अध्यापिका व शिक्षक संकुल की सदस्य (चिरईगांव) ऋचा सिंह ने घर-घर जाकर अभिभावकों को पंपलेट भी वितरित किया।
स्वयंप्रभा चैनल पर माध्यमिक शिक्षा
उधर माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 10 व 12 के बच्चों के लिए दूरदर्शन पर स्वयंप्रभा चैनल के माध्यम से ऑनलाइन क्लास जारी है। इसका प्रसारण सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक किया जाता है। दोबारा प्रसारण शाम 4.30 से 6.30 बजे तक किया जाता है ताकि किन्हीं कारणवश सुबह की क्लास छूट जाने पर बच्चा शाम की क्लास कर सके।