विवाहिता की हत्या कर ससुराल वाले फरार, चार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
कछवां थानाक्षेत्र के करसड़ा गांव में दहेज हत्या का मामला सामने आया है, शुक्रवार की रात पति व ससुराल के लोगों ने विवाहिता को मारापीटा जिससे उसकी माैत हो गई।
मीरजापुर, जेएनएन। कछवां थानाक्षेत्र के करसड़ा गांव में दहेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि शुक्रवार की रात पति व ससुराल के लोगों ने मिलकर विवाहिता को मारापीटा जिससे उसकी माैत हो गई। इसके बाद सभी घर छोड़कर फरार हो गए। ससुराल वालों ने विवाहिता के पिता को फोन करके बीमार हाेने की जानकारी दी लेकिन जब पिता बेटी के घर पहुंचे तो उसका शव देखकर अवाक रह गए। शनिवार को पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
मृत विवाहिता आसमां बेगम (24) के पिता बफ्फर, उगापुर समधा, जिला भदोही ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी बेटी की शादी 30 जून 2018 को करसड़ा गांव के रहने वाले पिंटू पुत्र जल्ला से हुई थी। शादी के बाद से ही उसकी बेटी को दहेज के लिए बराबर प्रताड़ित किया जाता रहा। कई बार विवाद भी हुआ। पिता के घर रह रही विवाहित को उसके ससुराल वाले गुरुवार को वापस घर ले आए।
पिता को भी लगा कि अब मामला शांत हो गया है लेकिन शुक्रवार की रात अचानक ससुराल वालों का फाेन आया कि बेटी की तबीयत खराब है। यह जानकार मायके वाले जब करसड़ा पहुंचे तो देखा की बेटी के ससुराल का कोई भी व्यक्ति घर पर नहीं है और उसकी बेटी मृत हालात में घर के बाहर पड़ी है। यह देख सभी अवाक रह गए आैर पिता फूट-फूटकर रोने लगे।
बोले थाना प्रभारी : इस प्रकरण में पता चला है कि ससुराल वालों ने महिला को मारापीटा व हालत बिगड़ने पर रोहनियां के एक अस्पताल में इलाज के लिए भी ले गए लेकिन महिला की माैत हो गई। वे शव घर छोड़कर फरार हो गए, उनकी तलाश की जा रही है। - अशोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी कछवां।