वाराणसी में बोले उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मानसिक संतुलन खो चुके हैं अखिलेश
सोमवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के नव्य-भव्य स्वरूप के लोकार्पण के बाद मीडिया से मुखातिब हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। कहा कि अखिलेश यादव को हर बात श्रेय लेने की बीमारी हो गई है। बाबा विश्वनाथ उनको सद्बुद्धि दें।
वाराणसी, जागरण टीम। सपा मुखिया अखिलेश यादव द्वारा हर योजना का श्रेय लेने का दिखावा करने के मामले में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उन पर कड़ा प्रहार किया है। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को लेकर इंटरनेट मीडिया पर अखिलेश ने पोस्ट किया था कि इसकी शुरूआत भी उनके द्वारा की गई थी। इस पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उनको हर बात श्रेय लेने की बीमारी हो गई है। बाबा विश्वनाथ उनको सद्बुद्धि दें। वह सोमवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि आज मुगल आक्रमणकारियों के कलंक को धो दिया गया। यह अभियान अभी जारी रहेगा। हालांकि मथुरा पर सीधे तौर वह कुछ बोलने से बचे।
दुनिया में अपनी धाक जमा रहा देश
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश आजादी के 75 साल का अमृत महोत्सव मना रहा है।वाकई में देश आजादी के इस सफर में विकास के अनगिनत कीर्तिमान गढ़ते हुए दुनिया में अपनी धाक जमा रहा है।यह बदलते भारत की नई तस्वीर है,जिसकी पूरी दुनिया कायल है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश विश्व गुरु बनकर उभरा है।कोरोना महामारी में भी देशवासियों का ख्याल रखते हुए अन्य मुल्कों की भी मदद की गई।आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा तीन सौ से अधिक पर जीत दर्ज करेगी।