काशी की बेटी रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा का अनावरण करेंगे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह Varanasi news
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
वाराणसी, जेएनएन। काशी की वीरांगना बेटी झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा को छह महीने से अनावरण का इंतजार है। जो अब खत्म होने वाला है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर प्रतिमा का अनावरण करेंगे। भारत विकास परिषद काशी प्रांत ने कैंटोमेंट क्षेत्र में जेएचवी माल के सामने लक्ष्मीबाई की विशाल प्रतिमा लगवाई है। प्रतिमा बीते फरवरी माह में ही बन कर तैयार हो गई। अब तो उसे ढकने के लिए लगाए गए कपड़े फटने लगे हैं। स्थापना के बाद इसका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनावरण की योजना बनाई गई।
उसी के बाद आचार संहिता व पीएम के व्यस्त कार्यक्रमों की वजह से अनावरण का समय नहीं मिला। प्रतिमा स्थापना के संयोजक सीए श्रीनारायण खेमका ने बताया कि केंद्र में नई सरकार बनने के बाद कैंटोमेंट क्षेत्र में होने के कारण हमने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से संपर्क किया। रक्षामंत्री ने एक बार 28 अगस्त को आने की बात तो स्वीकारी थी लेकिन धारा 370 को लेकर उनकी व्यस्तता को देखते हुए कार्यक्रम नहीं बना। उन्होंने एक बार फिर सितंबर के अंतिम सप्ताह में या फिर लक्ष्मीबाई से जुड़ी किसी तिथि पर अनावरण की स्वीकृति दी है।
रक्षा मंत्री के सुझाव के बाद परिषद भी जयंती पर प्रतिमा अनावरण को ज्यादा उचित मान रहा है। लक्ष्मी बाई की जयंती दीपावली के एक दिन पूर्व छोटी दीपावली को है। इस बार छोटी दीपावली 26 अक्टूबर को है। सब कुछ ठीक रहा तो जयंती पर अनावरण हो जाएगा। महाराष्ट्र में निर्मित है फाइबर प्रतिमा रानी लक्ष्मीबाई की घोड़े पर सवार फाइबर से बनी प्रतिमा एक टन लोहे के फ्रेम पर लगाई गई है। फाइबर प्रतिमा को महाराष्ट्र के खामगांव के कारीगरों ने बनाया है। इसकी विशेषता है कि धूप और बरसात से इसका गहरा रंग हल्का नहीं होगा। प्रतिमा के लिए करीब आठ फीट ऊंचा प्लेटफार्म भी बनाया गया है। जो ग्रेनाइट पत्थर से आच्छादित है।