गाजीपुर के नंदगंज में अज्ञात महिला का शव मिला, गला कसकर हत्या करने का अंदेशा
ग्रामीणों द्वारा फोन पर सूचना मिलते ही सुबह 7.30 बजे थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने मौके पर पहुंच कर शव की शिनाख्त करने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी थी। ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचनामा पुलिस ने भरकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
गाजीपुर, जेएनएन। नंदगंज थाना क्षेत्र के सिहोरी ताल में लगभग 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से शनिवार की सुबह सनसनी फैल गई। जानकारी होने के बाद ग्रामीणों द्वारा फोन पर सूचना मिलते ही सुबह 7.30 बजे थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने मौके पर पहुंच कर शव की शिनाख्त करने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी थी।
ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचनामा पुलिस ने भरकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार गले मे महिला के दुप्पटा लपेट कर कसा था। सम्भवत: गला उसी से घोंट कर हत्या की गयी है। गले पर दुप्पटा कसने के निशान मौजूद हैं। ग्रामीणों के अनुसार महिला ने काले रंग का सूट और काले सफेद रंग की छींटदार सलवार पहनी थी। पुलिस के अनुसार मामले की छानबीन जारी है और शिनाख्त होते ही जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।