चंदौली में पहाड़ी स्थित बरगद के पेड़ पर रस्सी के सहारे लटकता मिला वृद्ध का शव, मची सनसनी
इलिया थाना के खरौझा गांव निवासी बिहारी (58) का शव रविवार सुबह मोहनपुरवा पहाडी पर बरगद के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई।
चंदौली, जेएनएन। इलिया थाना के खरौझा गांव निवासी बिहारी (58) का शव रविवार सुबह मोहनपुरवा पहाडी पर बरगद के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। वृद्ध की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह रहस्य बना हुआ है। घटना की जानकारी होने के बाद से ही परिजन सकते में हैं। जानकारी पर पहुंची इलाकाई पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
खरौझा निवासी बिहारी की पत्नी की मौत दस वर्ष पूर्व हो चुकी थी। चार पुत्र विजयी, टुन्नू, चेखुरी, पिंटू की मजदूरी कर परवरिश करते थे। परिजनों ने बताया कि शनिवार की शाम वह घर से बिना बताए ही कहीं चले गए थे। देर रात तक वापस नहीं आए तो परिजनों उनकी तलाश शुरू कर दी। रविवार की सुबह उनका शव माॅर्निंग वाक पर निकले लोगों ने रस्सी के सहारे बरगद के पेड़ पर लटका देखा तो अनहोनी की आशंका से सशंकित हो उठे। यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते आस-पास के दर्जनों लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।
जानकारी होने पर मृतक के स्वजन मौके पर पहुंच गए। पुत्र और बहुएं शव देखकर बिलख पड़ीं। रोने- बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। एसओ मिथिलेश तिवारी ने ग्रामीणों की मदद से शव को पहाड़ी से नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजने की कार्रवाई में जुट गए। एसओ के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला खुदकशी का प्रतीत हो रहा है। फिर भी कई बिंदुओं पर छानबीन की जा रही। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।