मां गंगा की सफाई के नाम पर करोड़ों डकारे, अब झूठी कसमें खा रहे : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कृषि कानून लागू हुआ तो किसानों की जमीन छिन जाएगी। लाखों किसान आज इकटठा हो रहे हैं क्योंकि उनके अधिकार छीने जा रहे हैं।मां गंगा की सफाई के नाम पर करोड़ों डकार गए और अब झूठी कसमें खा रहे हैैं।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कृषि कानून लागू हुआ तो किसानों की जमीन छिन जाएगी। लाखों किसान आज इकटठा हो रहे हैं, क्योंकि उनके अधिकार छीने जा रहे हैं। वह रविवार को भदोही के डीघ ब्लाक के इनारगांव में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। वहीं, जौनपुर में कहा कि भाजपा सरकार ने सिर्फ उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया। प्रदेश के विकास की गति रुक गई है। 2022 में साइकिल के आने पर ही बदलाव और खुशहाली आएगी।
शिक्षक सम्मान समारोह में अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने वादा किया था कि किसानों की आय व उत्पादन को दोगुना करेगी। न तो उत्पादन बढ़ा, न आय। डीजल-पेट्रोल व रसोई गैस की कीमतें जरूर दोगुनी हो गईं। मां गंगा की सफाई के नाम पर करोड़ों डकार गए और अब झूठी कसमें खा रहे हैैं। योगी आदित्यनाथ को लैपटाप चलाना नहीं आता, इसलिए नहीं दिए। कोरोना की दूसरी लहर में चुनाव कराने में कितने शिक्षकों की जान चली गई। उनके परिवारों की भी कोई मदद नहीं की। संक्रमितों के इलाज के लिए दवा, आक्सीजन की व्यवस्था नहीं की गई। इसके पूर्व उन्होंने शिक्षकों का सम्मानित किया। कई लोगों को पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण कराई। जिस तरह से रेलवे, एयरपोर्ट आदि बेचे जा रहे हैं। उसी तरह कहीं गंगा को ही यह लोग न बेच दें। सरकार बनी तो पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी। शिक्षा मित्रों का ख्याल रखा जाएगा। कालीन उद्योग के लिए एक्सपो मार्ट और हाइवे का निर्माण कराया था। उसका लोकार्पण हम कर चुके थे उसी का लोकार्पण भाजपा सरकार कर रही है।
सपा लाएगी खुशहाली और बदलाव
अखिलेश ने जौनपुर के धर्मापुर ब्लाक के उतरगांवा में कहा कि भाजपा सरकार ने सिर्फ उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया है। आगामी विधानसभा चुनाव में सपा सभी छोटे दलों को साथ लेकर चलेगी। वह सपा नेता और गो सेवा आयोग के अध्यक्ष रहे डाक्टर केपी यादव के निधन पर शोक व्यक्त करने उनके घर पहुंचे थे। कहा-आमजन को संविधान में जो अधिकार मिले हैं, भाजपा उसे छीनना चाहती है। सरकार को हटाने के लिए प्रदेश का हर वर्ग तैयार है।