Coronavirus News Update मऊ में 12 और मिले कोरोना संक्रमित, 60 हो चुके हैं स्वस्थ
Coronavirus News Update मऊ में कोरोना की जांच के लिए भेजे गए नमूनों में से गुरुवार को कुल 12 लोगों की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। अब तक दो की मौत हो चुकी है।
मऊ, जेएनएन। कोरोना की जांच के लिए भेजे गए नमूनों में से गुरुवार को कुल 12 लोगों की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। यह जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ सतीशचंद्र सिंह ने दी। इस प्रकार जिले कुल पाॅजिटिव केस अब तक 98 पहुंच गई है। सक्रिय केस की संख्या 36 है। 60 स्वस्थ हो चुके हैं तो 2 की मौत हो चुकी है।
परदहां एल-1 में तीन की रिपोर्ट निगेटिव
कोरोना की जांच के लिए भेजे गए नमूनों में से बीते बुधवार को कुल 175 की रिपोर्ट आई, जिसमें परदहां एल-1 में भर्ती तीन की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न क्षेत्रों तथा शहर के सभी हॉटस्पाट जोन से कुल 202 संदिग्धों का नमूना भी भेजा गया। कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बात करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार को कुल 175 की रिेपोर्ट आई है, इसमें परदहां एल-1 में भर्ती तीन लोग निगेटिव मिले हैं। इसके साथ ही शहर के सभी हॉटस्पाट सहित कई जगहों से 202 लोगों का नमूना लिया गया। कहा कि अभी तक कोरोना की जांच के लिए जनपद से 4327 संदिग्धों का सैंपल भेजा जा चुका है जिसमें 3813 निगेटिव है।
प्रेसवार्ता में मौजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.सतीशचंद्र सिंह ने शहर में मिल रहे संक्रमितों के बाबत बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी हॉटस्पाट के साथ मोबाइल वैन लगाकर भी अनेक जगहों पर सैंपलिग का कार्य किया जा रहा है। प्रतिदिन विभाग इन सभी जगहों पर रैपिड सैंपलिंग कर रहा है। बुधवार को सहादतपुरा, जिला अस्पताल के सामने सहित कई स्थानों पर सैंपलिंग किया गया।
18 देशों से अभी 118 लोग आए
सिटी मजिस्ट्रेट जेएन सचान ने बताया कि जनपद में अभी तक 18 देशों से 118 लोग आ चुके हैं। इनमें अभी दो लोग ग्रीन लैंड होटल में पेड क्वारंटाइन में हैं तथा 19 लोग शिवानंद महाविद्यालय इंदारा में। 31 को होम क्वारंटाइन किया गया है। विदेश से आए 66 लोगों की 14 दिनों की क्वारंटाइन अवधि पूरी हो चुकी है। इसके चलते उन सभी लोगों को उनके घर भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि विदेश से आने वालों में ईरान, ईराक, मलेशिया, अल्जीरिया, दक्षिण अफ्रीका आदि कई देशों के लोग शामिल हैं।