सोनभद्र में राष्ट्रपति के आगमन के लिए पांच हेलीपैड का निर्माण कार्य तेज, मौके पर पहुंचे अधिकारी
29 नवंबर को सेवा कुंज आश्रम में राष्ट्रपति के संभावित दौरे के बाबत रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
सोनभद्र, जेएनएन। 29 नवंबर को सेवा कुंज आश्रम में राष्ट्रपति के संभावित दौरे के बाबत रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर ङ्क्षसह ने इस दौरान कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात आदि पर संबंधितों के साथ गहनता से समीक्षा की। मौके पर मौजूद अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) अभयनाथ त्रिपाठी ने सुरक्षा बिंदुओं पर संबंधितों के साथ चर्चा किया। अधिकारियों ने निर्माणाधीन हेलीपैड का निरीक्षण करते हुए कुछ बिंदुओं पर सुधार के भी निर्देश दिये।
विदित हो कि 29 नवंबर को राष्ट्रपति रामनाथ कोङ्क्षवद संस्थान में स्थित इंटर कालेज और छात्रावास का लोकार्पण करेंगे। जिले में पहली बार राष्ट्रपति के आगमन को लेकर आमजन में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है, जिसको ध्यान में रखते हुए आश्रम से जुड़े कार्यकर्ता भी सभी तैयारी तय समय से पहले पूरा करने पर जोर दे रहे हैं। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश पटेल, संस्था के अध्यक्ष राम पाठक, प्रान्त सह संगठन मंत्री आनन्द जी, डीपीआरओ आरके भारती, आलोक कुमार चतुर्वेदी, केंद्र प्रमुख कृष्णगोपाल, उदय नारायण, सुखदेव प्रसाद आदि रहे।
पांच हेलीपैड का होगा निर्माण
29 नवंबर को चपकी स्थित सेवा कुंज आश्रम में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर आश्रम परिसर में पांच हेलीपैड का निर्माण किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि हेलीपैड निर्माण तकनीकी विशेषज्ञों की देखरेख में किया जा रहा है। इसके अलावा हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण व सुरक्षा के तमाम पहलुओं पर भी युद्ध स्तर पर काम चल रहा है।
90 अस्थाई शौचालय का होगा निर्माण
सेवा कुंज आश्रम में राष्ट्रपति के कार्यक्रम में जुटने वाली भीड़ को पानी व अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने पर भी रविवार को मंथन किया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी आरके भारती ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर 90 अस्थाई शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा निर्धारित तिथि से पांच दिन पहले से ही करीब 500 सफाई कर्मचारियों को परिसर को साफ-सुथरा करने के लिए लगाया जाएगा। बताया कि इसके अलावा पानी की समुचित व्यवस्था की गई है।
मार्ग का होगा चौड़ीकरण
चपकी स्थित सेवा कुंज आश्रम से बभनी जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण पर भी विचार चल रहा है। एक अनुमान के अनुसार राष्ट्रपति के कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग पहुंच सकते हैं, इसको ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन मार्ग के चौड़ीकरण के साथ-साथ आश्रम पर आने वाले वाहनों को उचित स्थान पर पार्किंग की भी व्यवस्था की जाएगी। करीब एक दर्जन से अधिक पार्किंग स्थल का निर्माण भी किया जा रहा है।