वाराणसी में महंगाई के विरोध में ताली-थाली बजाकर कांग्रेसियों ने किया तहसील पर प्रदर्शन
पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि भाजपा ने सबका साथ-सबका विकास का नारा दिया था। लेकिन वास्तव में यह सरकार पूंजीपतियों की कठपुतली है। सरकार ने विकास के नाम पर विनाश किया है। सरकार ने अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बुधवार को महंगाई के विरोध में तहसील पर ताली-थाली बजाकर प्रदर्शन किया गया। इस क्रम में जिला और महानगर महिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने खाद्य तेलों, दालों, रसोई गैस व अन्य वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ सदर तहसील सदर पर ताली-थाली बजाकर सरकार को जगाया।
पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि भाजपा ने सबका साथ-सबका विकास का नारा दिया था। लेकिन वास्तव में यह सरकार पूंजीपतियों की कठपुतली है। सरकार ने विकास के नाम पर विनाश किया है। सरकार ने अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है। जब से भाजपा सत्ता में आई है तब से खाद्य पदार्थों और ईंधन की कीमतें बढ़ती गई है। भाजपा ने गरीबी हटाने के लिए गरीब को तबाह करने का फार्मूला अपनाया है।कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतकर सरकार से जनता के लिए लड़ाई लड़ रही है।
अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, संयोजन महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष अनुराधा यादव और महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष ऋतु पांडेय ने किया। इस अवसर पर प्रदेश सचिव इमरान खान, सीताराम केशरी, दुर्गाप्रसाद गुप्ता, डॉ. जितेंद्र सेठ, चंद्रकला पुष्कर, मनीष चौबे, फसाहत हुसैन, मनीष मोरोलिया, अशोक सिंह, शैलेंद्र सिंह, वीणा पांडेय, अमृता पांडेय, हसन मेहंदी कब्बन, साजिद अंसारी, डॉ. राजेश गुप्ता, चंचल शर्मा थे।