सीएम ने सारनाथ के विकास पर वल्र्ड बैंक की प्रस्तावित परियोजनाओं का देखा प्रेजेंटेशन
स्वदेश योजना के तहत सारनाथ के विकास के लिए विश्व बैंक की ओर से वित्त पोषित भारत सरकार की 53.81 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजनाओं का प्रेजेंटेशन किया गया।
वाराणसी, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दो दिवसीय प्रवास पर बनारस पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट के सभागार में उनके समक्ष स्वदेश योजना के तहत सारनाथ के विकास के लिए विश्व बैंक की ओर से वित्त पोषित भारत सरकार की 53.81 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजनाओं का प्रेजेंटेशन किया गया। केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री जेके अल्फोंस, प्रदेश की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी व प्रदेश के राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी मौजूद थे।
प्रजेंटेशन विश्व बैंक के अधिकारियों ने दिया जिसके तहत 10 वर्षों के अंदर चार चरणों में परियोजना आकार लेगी। ब्लू प्रिंट के अनुसार सारनाथ का आदर्श परिदृश्य व उसकी आध्यात्मिकता को बरकरार रखते हुए सुंदरीकरण कराया जाएगा। धम्मचक्र स्थल के ऐतिहासिक वृक्ष को संरक्षित करने के साथ ही पूरे सारनाथ क्षेत्र की सड़क व ड्रेनेज सिस्टम को व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जाएगा। सारनाथ के खुले स्थलों के साथ मेडिटेशन सेंटर (ध्यान केंद्र) भी विकसित किए जाएंगे। सारनाथ स्थित सुहेलदेव तिराहा के समीप बने आधुनिक स्वागत केंद्र को तोड़कर पार्किंग व वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। मुनारी मार्ग स्थित बुद्धा थीम पार्क की उपलब्ध जमीन पर पार्किंग, वेंडिंग जोन व फूड प्लाजा विकसित किया जाएगा। सारनाथ के सारंग तालाब के पास पानी टंकी के पास व सारनाथ रेलवे स्टेशन के बाहर सामने उपलब्ध भूखंड पर वेंडिंग जोन बनाने का प्रस्ताव शामिल हैं।
....तो नो-व्हेकिल जोन होगा सारनाथ : लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डा पर उतरने के बाद पर्यटकों को सीधे सारनाथ के बुद्धा थीम पार्क तक पहुंचाने की कार्ययोजना है जहां पार्किंग में वाहन खड़े हो जाएंगे। यहां से पैदल ही पर्यटक डियर पार्क, मूलगंध कुटी विहार व धमेक स्तूप आदि का भ्रमण कर सकेंगे। शहर की तरफ से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को सुहेलदेव तिराहा के पास बनने वाले पार्किंग स्थल पर खड़ा करा दिया जाएगा। ऐसे में सारनाथ नो-व्हेकिल जोन बन जाएगा।
सारनाथ व कुशीनगर पर विशेष फोकस : बुद्धिस्ट सर्किट से संबंधित उत्तर प्रदेश के कुशीनगर, कपिलवस्तु, फर्रुखाबाद स्थित संकिसा, कौशांबी, सारनाथ व श्रावस्ती जिला शामिल है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार की ओर से सारनाथ व कुशीनगर में पर विशेष फोकस है जहां पर्यटकों के मद्देनजर सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
ये अधिकारी थे मौजूद : प्रजेंटेशन में प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना एवं पर्यटन अवनीश कुमार अवस्थी, एडीजीपी पीवी रामाशास्त्री, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक पर्यटन अविनाश मिश्र एवं पर्यटन अधिकारी कीर्तिमान श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।