84 पंपों से हो रही गंगा के 84 घाटों की सफाई, नगर आयुक्त का दावा, छठ पर्व से पहले गंगा घाट हो जाएंगे चमाचम
घाट सफाई के लिए 64 पंप लगाए गए थे जिसकी संख्या नगर आयुक्त गौरांग राठी के आदेश पर बढ़ाकर 84 कर दी गई है।
वाराणसी, जेएनएन। बाढ़ के बाद गंगा घाटों पर मिट्टी जम गई है। नगर के प्रमुख घाट दशाश्वमेध, आरपी घाट, मणिकर्णिका घाट, अस्सी घाट सहित राजघाट, खिड़किया घाट, सामनेघाट आदि पर बाढ़ का सिल्ट जमा है। इसकी सफाई के लिए नगर निगम ने कवायद शुरू कर दी है। प्रारंभ में घाट सफाई के लिए 64 पंप लगाए गए थे जिसकी संख्या नगर आयुक्त गौरांग राठी के आदेश पर बढ़ाकर 84 कर दी गई है।
सुबह से देर रात तक घाटों की मिट्टी हटाई जा रही है। नगर आयुक्त का दावा है कि छठ पूजा से पहले गंगा के सभी 84 घाटों की मिट्टी हटा दी जाएगी। देव दीपावली पर सभी घाट दीपों से जगमगा जाते हैं। इसलिए उससे पहले घाट की सफाई मुकम्मल करने का लक्ष्य रखा गया है। नगर आयुक्त के आदेश पर दीपावली, भइयादूज व छठ पर्व के मद्देनजर नगर निगम कंट्रोल रूम को अति सक्रिय कर दिया है। इसमें दूरभाष संख्या 0542-2221999 के माध्यम से प्राप्त सफाई, मलबे का उठान, दूषित पेयजल तथा सीवर जाम से संबंधित शिकायतों का त्वरित गति से निस्तारण कराया जाना है। नगर निगम कंट्रोल रूम में तैनात कम्प्यूटर आपरेटर व लिपिक द्वारा शिकायतों को कम्प्यूटराइज्ड करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल दूरभाष संख्या 0542- 2221999 के माध्यम से शिकायत को अवगत कराया जाएगा। संबंधित विभागीय अधिकारी समयान्तर्गत शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। नगर आयुक्त ने मातहतों को चेताया है कि किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।