बलिया मनियर के ईओ मणिमंजरी राय प्रकरण में नगर पंचायत अध्यक्ष व कर्मी पकड़ से दूर
बलिया के नगर पंचायत मनियर की ईओ मणिमंजरी राय मामले के मुख्य आरोपित नगर पंचायत के अध्यक्ष भीम गुप्ता व दो कर्मचारी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
बलिया, जेएनएन। नगर पंचायत मनियर की ईओ रहीं मणिमंजरी राय मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। परिवार वाले पुलिस के इस कार्रवाई से अभी संतुष्ट नहीं है। पुलिस ने इस मामले में चालक चंदन वर्मा व नायब तहसीलदार रजत सिंह के बयान पर मामले का पटाक्षेप कर दिया है। इस मामले के मुख्य आरोपित नगर पंचायत के अध्यक्ष भीम गुप्ता व दो कर्मचारी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। लोगों का मानना है कि पुलिस को इस मामले की तह में जाना चाहिए। वहीं परिवार के सदस्य इस मामले की सीबीआइ जांच की मांग पर अड़े हुए है। इधर डीआइजी आजमगढ़ के बलिया आने की सूचना पर ईओ के दोनों भाई उनसे मिलने के लिए यहां पहुंचे थे लेकिन दिन भर इंतजार के बाद सूचना मिली की वो नहीं आ रहे है। इससे ईओ के परिवार के सदस्य उदास होकर अपने गांव लौट गए।
परिजनों से मिले पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री
ईओ मणिमंजरी राय के गाजीपुर स्थित कनुआन गांव पहुंच कर पूर्व रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने घटना पर दुख व्यक्त किया। साथ ही परिवार वालों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। कहा कि तीन-चार दिन में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। दोषी कितना भी बलशाली होगा वह बच नहीं पाएगा।
दोषियों को मिले सजा
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद गांधी ने कहा कि इस मामले में दोषी को जल्द सजा मिले। मनियर चेयरमैन को राजनीति साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। कहा कि किसी निर्दोष को न फंसाया जाए। अगर प्रशासन इस मामले किसी निर्दोष को फंसाया गया तो व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
मणिमंजरी राय के घर पहुंचे पूर्व मंत्री, हर संभव मदद का भरोसा
बलिया के मनियर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी मणिमंजरी राय की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त करने पूर्व रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा शुक्रवार को कनुवान स्थित घर पहुंचे। एकादशाह संस्कार होने के कारण पूर्व मंत्री संस्कार स्थल पर गए और घरवालों से मुलाकात की। घरवालों द्वारा मणिमंजरी राय मामले में सच्चाई पर पर्दा डालने का आरोप लगाया गया और सीबीआइ जांच की मांग की। पूर्व मंत्री ने कहा कि विपत्ति के इस घड़ी में वे उनके साथ हैं। घरवालों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। कहा कि दो चार दिन में सार्थक परिणाम आपको मिलेगा। साथ में कृष्णबिहारी राय, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, पीयूष राय, सतीश राय, शशांक शेखर राय, राजेश राय बागी, बुच्चन राय, सिद्धनाथ राम आदि थे।