12 दिवसीय प्रदेश स्तरीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया शुभारंभ
बसनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार की सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12 दिवसीय प्रदेश स्तरीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ किया।
वाराणसी, जेएनएन। बसनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार की सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12 दिवसीय प्रदेश स्तरीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि फाइलेरिया एक खतरनाक बीमारी है। इसकी चपेट में जो भी महिला, पुरुष व बच्चा आता है, उसके शरीर में सूजन आ जाती है। इस बीमारी से बड़ी पीड़ा होती। प्रदेश सरकार ने इस बीमारी को संज्ञान में लेते हुए इसके उन्मूलन के लिए व्यापक योजना बनाई है।
पूरेे प्रदेश में 17 से 29 फरवरी तक अभियान चलाया जाएगा। वृहद स्तर पर स्वास्थ कैंप लगाए जाएंगे। रक्त परीक्षण कराया जाएगा। सीएम ने प्रदेश की जनता से आह्वान किया कि आप सब इसे मुहिम के रूप में लें। इसके उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध रहें। कहा कि जैसे हम लोगों ने पोलियो को जड़ से खत्म कर दिया उसी तरह इस फाइलेरिया जैसी खतरनाक बीमारी को भी जड़ से खत्म कर दें ताकि आने वाली पीढ़ी व समाज को स्वास्थ और सुदृढ़ रखने का संकल्प पूरा करें। इस मौके पर आफरीन, आयान, अभिनव, राइमा, ईशा सिंह, गौरव व शिवानी सहित 10 बच्चों को मुख्यमंत्री अपने हाथों से फाइलेरिया की दवा खिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। विधायक डा. अवधेश सिंह ने सीएम का स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वंत्रदेव सिंह, सांसद बीपी सरोज, विधायक डा. अवधेश सिंह, सीएमओ डा. वीबी सिंह, डा. शेर मोहम्मद, शैलेश पांडेय, पवन सिंह, अभिषेक राजपूत आदि मौजूद थे।
अचानक तय हुआ सीएम का कार्यक्रम
स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर मुख्यमंत्री का प्रोग्राम अचानक तय हुआ। जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग व ब्लाक अधिकारियों के हाथ पांव फूलने लगे। पूरी रात जागकर स्वास्थ्य केंद्र परिसर की सफाई की गई। दुल्हन की तरह सजाया गया। सुबह तक सड़कों को चमका कर चूना का छिड़काव करवाया गया।