बलिया में कल आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कोरोना व बाढ़ की तैयारियों की करेंगे गहन समीक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बलिया आ रहे हैं। मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट में कोविड--19 के संबंध में अधिकारियों संग बैठक कर हालात का जायजा लेंगे।
बलिया, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बलिया आ रहे हैं। अचानक उनका कार्यक्रम तय होने के बाद सभी विभागों में हड़कंप मच गया है। अधिकारी अलर्ट मोड में आ गए हैं। साफ-सफाई संग और भी कई तरह की तैयारियां होने लगी हैं। शनिवार को कलेक्ट्रेट, विकास भवन, जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल आदि स्थानों पर व्यवस्था चाक-चौबंद करने में प्रशासिनक अमला सक्रिय दिखा। मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट में कोविड--19 के संबंध में अधिकारियों संग बैठक कर हालात का जायजा लेंगे।
शहर में तीन घंटे रहेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन घंटे तक जिला मुख्यालय पर रहेंगे। उनके आगमन को बलिया में कोरोना के बढ़ते प्रकोप से जोड़कर देखा जा रहा है। इन दिनों बलिया में हर दिन बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव केस मिल रहे हैं। वहीं इस मामले में कई तरह की शिकायतें भी शासन स्तर तक पहुंची हैं। मुख्यमंत्री पूर्वाहृन 11.20 बजे बलिया के कैसटर ब्रिज स्कूल बसंतपुर पहुंचेंगे। फिर कलेक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 के संबंध में आयुक्त मंडल आजमगढ़, तथा बलिया, मऊ के जिलाधिकारियों, सीएमओ व अपर निदेशक स्वास्थ्य के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा करेंगे। अधिकारी देर शाम तक हैलीपैड निर्माण सहित तमाम तरह की तैयारियों में जुटे रहे।
बाढ़ की तैयारियों की भी संभव है समीक्षा
वैसे तो मुख्यमंत्री के कार्यक्रम कोविड-19 पर केंद्रित हैं ङ्क्षकतु वे बलिया में गंगा और सरयू के बाढ़ से हो रही तबाही का भी जायजा ले सकते हैं। यहां कटानरोधी कार्य समय से पूर्ण नहीं हो पाए हैं। इसलिए सीएम स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से बाढ़ और कटान से निपटने के लिए विभागीय तैयारियों की भी समीक्षा कर सकते हैं। सूबे के राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर शनिवार की शाम हैलीपैड सहित अन्य स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
-11.20 बजे--आगमन---कैसटर ब्रिज स्कूल, बसंतपुर बलिया
-11.20 बजे से 1 बजे तक--कलेक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 के संबंध में आयुक्त मंडल आजमगढ़, डीएम बलिया, मऊ, -सीएमओ बलिया, मऊ व अपर निदेशक स्वास्थ्य के साथ बैठक
-1 बजे से 1.30 बजे तक- नर्सिंग होम एसोसिएशन एवं आईएमए एसोसिएशन के पदाधिकारियों संग भेंट
-2.20 बजे-हैलीपैड कैसटर ब्रिज स्कूल, बसंतपुर से प्रस्थान।