मुख्यमंत्री ने वीर शैव परंपरा की ज्ञान सिंहासन पीठ को किया प्रणाम, शताब्दी समारोह में हुए शामिल
सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर ज्ञान सिंहासन पीठ जंगमबाड़ी मठ पहुंचे।
वाराणसी, जेएनएन। सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर ज्ञान सिंहासन पीठ जंगमबाड़ी मठ पहुंचे। उन्होंने वीरशैव परंपरा के छात्रों को शताब्दी वर्ष समारोह की शुभकामना दी और भरोसा जताया कि यह पंथ, संप्रदाय प्रधानमंत्री के एक भारत श्रेष्ठ भारत में सहायक बनेगा। उन्होंने कहा कि भारत की परंपरा बहुत ही समृद्ध व आध्यात्मिक है। यहां अनेक धर्म -संप्रदाय हैैं और उनकी अलग-अलग उपासना विधियां हैैं। इसके बाद भी सभी का उद्देश्य लोक एवं राष्ट्र कल्याण ही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वाराध्य गुरुकुल के शताब्दी समारोह को प्रेरणादायक बताया। कहा कई वर्षों से हजारों छात्रों ने यहां ज्ञानार्जन व मौलिक चिंतन करते हुए काशी की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाया। पीएम नरेंद्र मोदी काशी का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे दुनिया में जहां भी जाते हैं काशी की छाप छोड़ते हैं। योग परंपरा का संदेश देते हैं। आज पूरी दुनिया योग को मानता है और भारत की आध्यात्मिक व लोक समागम की अद्भुत परंपरा कुंभ को यूनेस्को ने गौरवशाली धरोहर की मान्यता दी। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में एक ताकत के रूप में उभर रहा है।
विभिन्न संप्रदायों के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, समृद्ध व गौरवशाली परंपराओं का संबल जुड़ेगा, तो भारत विश्व का नेतृत्व करता दिखेगा। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने एक ग्रंथ का विमोचन भी किया। पीठाधीश्वर जगद्गुरु डा. चंद्रशेखर ने आशीर्वचन दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, पर्यटन एवं धर्मार्थ कार्य राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डा. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव आदि थे।