Azamgarh में घर में घुसकर पिटाई करने का मामला पहुंचा योगी दरबार, पूर्व गवर्नर ने लिखा पत्र
Azamgarh में घर में घुसकर पिटाई करने का मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दरबार में जा पहुंचा है। पूर्व गवर्नर रामनाईक ने पत्र लिखकर मुख्यमंत्री को ज्यादती से अगवत कराया है।
आजमगढ़, जेएनएन। निजामाबाद के कोल्हपुर गांव में ब्राह्मण परिवार के घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दरबार में जा पहुंचा है। पूर्व गवर्नर रामनाईक ने पत्र लिखकर मुख्यमंत्री को ज्यादती से अगवत कराया है। उन्होंने सीएम से इस मामले में की गई कार्रवाई का विवरण देने का अनुरोध किया है। एक पक्ष के साथ सत्ताधारी कुछ लोगों के खड़ा होने से पीडि़त की सुनवाई नहीं हुई तो मामला कई दिनों तक सुर्खियों में बना रहा। पीडि़त ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई थी।
पूर्व गवर्नर ने 25 मई को मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में अति महत्व का दर्शाया है। उन्होंने कोल्हपुर गांव के बलदेव शुक्ल को भाजपा कार्यकर्ता बताया है। अपने पत्र के साथ एक संलग्नक पत्र भेजा है, जिसमें ज्यादती की पूरी बात लिखी है। कुछ फोटोग्राफ्स हैं, जो जख्म दर्शा रहे हैं। महिलाओं, पुरुषों के अलावा बच्चों को भी नहीं बख्शे जाने की बात है। उन्होंने लिखा है कि सात मई को कुछ लोगों ने शुक्ल के घर में घुसकर मारपीट की थी। उन्होंने लिखा है कि ऐसा चित्र समाज में अशांति का माहौल पैदा कर सकता है।
ब्राह्मण परिवार को नहीं मिल रहा था न्याय
चूंकि सात मई को निजामाबाद थाना क्षेत्र के कोल्हपुर में हुई मारपीट जिले में हाईप्रोफाइल बन गई थी। सत्ताधारी दल के कुछ लोग एक पक्ष की मदद करने लगे थे। ऐसे में भागदौड़ के बावजूद ब्राह्मण परिवार को संबंधित दरबार से न्याय नहीं मिल रहा था। घायलों के जख्म उस समय एक पक्ष की ज्यादती की कहानी जरूर कह रहे थे। घायलों की फोटो उन दिनों वायरल हुई थी। पूर्व गवर्नर के हस्तक्षेप के बाद पीडि़त पक्ष में न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।