जौनपुर के भदेठी गांव पहुंचे बसपा सांसद, पीडि़तों को न्याय व मदद का दिया भरोसा
जौनपुर के भदेठी गांव में अनुसूचित जाति बस्ती में घुसकर तोड़फोड़ व आगजनी की घटना के पांचवें दिन शनिवार को बसपा सांसद श्याम सिंह यादव गांव में पहुंचकर पीड़ितों से मामले की जानकारी ली।
जौनपुर, जेएनएन। जौनपुर के भदेठी गांव में अनुसूचित जाति बस्ती में घुसकर तोड़फोड़ व आगजनी की घटना के पांचवें दिन शनिवार को बसपा सांसद श्याम सिंह यादव गांव में पहुंचकर पीड़ितों से मामले की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने हर संभव मदद और न्याय का भरोसा दिया। सांसद सुबह साढ़े दस बजे बसपा पदाधिकारियों व संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ भदेठी गांव की अनुसूचित बस्ती पहुंचे, जहां उन्होंने बवाल में नुकसान की जानकारी ली। इसके बाद वे मुस्लिम बस्ती की तरफ भी गए और कुछ लोगों से मुलाकात कर मदद का भरोसा दिलाया। कहा कि उक्त मामले में किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।
मुख्यमंत्री ने भी मामले को लिया गंभीरता से
जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भदेठी गांव में बीते मंगलवार की देर रात बच्चों के विवाद में वर्ग विशेष के लोगों द्वारा मारपीट व पीड़ितों का घर फूंकने की घटना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया था और आरोपितों पर रासुका लगाने के साथ ही पीड़ितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दस लाख 26 हजार 450 रुपये देने का आदेश दिया। साथ ही समाज कल्याण विभाग से भी पीड़ितों को बतौर मदद एक लाख रुपये की सहायता राशि देने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्हें मुख्यमंत्री अावास योजना के तहत घर भी मिलेगा। घटना में लापरवाही बरतने वाले थानाध्यक्ष पर भी विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। मामले में 58 नामजद व 100 अज्ञात आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही 35 आरोपितों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
ये है पूरा मामला
बीते मंगलवार की शाम उक्त गांव का शहबाज (13) बाग में आम तोड़ने गया था। तालाब के पास बकरियां चरा रहे अनुसूचित जाति बस्ती के बच्चों से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। शहबाज ने घर जाकर स्वजनों को जानकारी दी। पूछताछ करने के दौरान उसके स्वजनों व अनुसूचित जाति बस्ती के लोगों में मारपीट हो गई। इसमें नबील, फ्लावर, लारेब व हबीब जख्मी हो गए। प्रधान पति आफताब उर्फ हिटलर ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि इसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे वर्ग विशेष के सैकड़ों लोग लाठी-डंडे से लैस होकर अनुसूचित जाति बस्ती पर धावा बोल दिए। जो मिला उसे पीटा और तोडफ़ोड़ की। रवि, पवन, अतुल आदि घायल हो गए। इस दौरान आगजनी में नंदलाल, नेबूलाल, फिरतू, राजाराम, जितेंद्र, सेवालाल सहित बस्ती के एक दर्जन से अधिक लोगों के मड़हे व घर जल गए। कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। आग की चपेट में आने से तीन बकरियां व एक भैंस जिंदा जल गईं।