BJP का फेसबुक लाइव पद्मसभा का आयोजन आज से, गीत-संगीत से जुड़ी हस्तियां शामिल
भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र फेसबुक लाइव के जरिए पद्मसभा का आयोजन करने जा रही है। जो प्रत्येक शनिवार को फेसबुक लाइव के जरिए शाम पांच बजे से देखा जा सकता है।
वाराणसी, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र फेसबुक लाइव के जरिए पद्मसभा का आयोजन करने जा रही है। जो प्रत्येक शनिवार को फेसबुक लाइव के जरिए शाम पांच बजे से देखा जा सकता है। 23 मई से शुरु होने वाले इस कार्यक्रम का शीर्षक 'वायरस काल में बनारस' दिया गया है। जिसकी शुरुआत शास्त्रीय गायक, वादक एवं संगीत मर्मज्ञ पद्मश्री राजेश्वर आचार्य के साथ वार्ता से होगी।
इस आयोजन को फेसबुक के जरिए लाइव देखा जा सकेगा। जिसका लिंक www.facebook.com/bjpkashikshetra है। इस कार्यक्रम के आयोजन समिति में वैभव कपूर (कार्यसमिति सदस्य, भाजपा काशी क्षेत्र), रोहित कपूर (स्वच्छता प्रकल्प भाजपा उत्तर प्रदेश), शशि कुमार, (क्षेत्रीय संयोजक, आइटी विभाग भाजपा काशी क्षेत्र) एवं नवरतन राठी, (क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी, काशी क्षेत्र) हैं।
जूम एप पर भाजपा, काशी क्षेत्र के प्रकल्प, प्रकोष्ठ एवं विभाग की हुई बैठक
कोरोना के प्रकोप के चलते जारी लॉकडाउन में शारीरिक दूरी का पालन करने के कारण राजनीतिक दलों की बैठक नहीं हो पा रही। भाजपा काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जूम एप के जरिए प्रकल्प, प्रकोष्ठ व विभाग की बैठक हुई।
काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में कहा कि किसी भी आपदा को अवसर में बदलने की ताकत अगर किसी में है तो वो प्रधानमंत्री मोदी में है। वैश्विक महामारी कोरोना संकट से जब की आज पुरा विश्व त्राहि माम कर रहा है तब नरेंद्र मोदी ने अपने नेतृत्व क्षमता से देश में सही समय पर लॉकडाउन कर कोरोना संक्रमण से देशवासियों को सुरक्षित कर लिया। कार्यकर्ताओं ने इस संकट काल में तन, मन, धन के साथ जरुरत मंदो की सहायता की। प्रवासी मजदूरों की बड़ी संख्या में वापसी पर उनके भोजन, पानी सहित सभी व्यवस्थाओं का पार्टी कार्यकर्ता पूरी श्रद्धापूर्वक ध्यान रख रहे। काशी व गोरक्ष प्रांत के संगठन महामंत्री रत्नाकर ने कहा कि लॉकडाउन में केंद्र और प्रदेश सरकार ने जो कार्य किए है वो सराहनीय है। बैठक में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सतीश पांडेय, राजकुमार शर्मा, डॉ. अशोक राय, एनपी सिंह आदि मौजूद थे।