आजमगढ़ में बोले मंत्री सुरेश राणा- 'भाजपा ने 73 हजार करोड़ गन्ना मूल्य का किया भुगतान' Azamgarh news
गन्ना एवं चीनी उद्योग मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि भाजपा ने चीनी मिलों के लिए 34 करोड़ रुपए जहां प्रदान किया है वहीं गन्ना किसानों का 73 करोड़ रुपये भुगतान किया है।
आज़मगढ़, जेएनएन। शहर के नेहरूहाल प्रांगण में पीएम नरेंद्र मोदी की प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद गन्ना एवं चीनी उद्योग मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि भाजपा ने चीनी मिलों के लिए 34 करोड़ रुपए जहां प्रदान किया है वहीं गन्ना किसानों का 73 करोड़ रुपये भुगतान किया है। सरकार चीनी मिलों को बेहतर बनाने का भरसक प्रयास कर रही है। गन्ना किसानों की हर समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पूर्वांचल को चीनी का कटोरा कहा जाता है। यहां का गन्ना किसान के लिए बड़ी समृद्धि लाता है। वर्ष 2007 से 12 तक 19 चीनी मिलें बन्द हुईं हैं जबकि 2012-17 तक 10 चीनी मिलें बन्द हुईं। इन्हें चलाने के अलावा दो नई सुगर मिल भी दी गई है। पिपराइच में 120 केएल की डिस्टलरी बन रही है। 120 लाख टन चीनी उत्पादन कर हम देश में नंबर वन है। वहीं आय की रिकवरी में भी हम देश में नम्बर वन हैं।
कहा कि यह सब पीएम नरेंद्र मोदी की सोच का ही परिणाम है। उन्होंने देश की दिशा व दशा को बदला है। एमवी एक्ट के सवाल पर मंत्री ने कहा कि लोग नियमों का पालन करें। सरकार जनता को सुरक्षित यातायात देना चाहती है। पब्लिक से समन्वय बना कर चला जाय। परिवहन के मामले में मद्रास, जम्मू कश्मीर, राजस्थान, उत्तराखंड के साथ समझौता हुआ है। तमाम राज्यों के साथ समझौता कर यातायात सुगम करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि ढाई साल के कार्यकाल में जनपद में आमूल चूल परिवर्तन हुआ है। आगे और भी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।