भाजपा मंडल अध्यक्ष पद को लेकर मचेगा घमासान, कई दिग्गज पदाधिकरियों को लगेगा झटका, सदस्यता सूची से बाहर
भाजपा मंडल अध्यक्ष और जिला प्रतिनिधि चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। सक्रिय सदस्यों की सूची भी जिला कार्यालय पहुंच चुकी है।
भदोही, जेएनएन। भाजपा मंडल अध्यक्ष और जिला प्रतिनिधि चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। सक्रिय सदस्यों की सूची भी जिला कार्यालय पहुंच चुकी है। विधानसभा वार उसे अलग करने की प्रक्रिया चल रही है। चुनाव की तिथि जारी होते ही पार्टी के नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है। कई दिग्गजों को करारा झटका लगा है। सक्रिय सदस्यता की सूची से उनका नाम निकाल दिया गया है।
सत्तासीन दल होने के कारण मामूली राजनीति करने वाला भी भारतीय जनता पार्टी से जुडऩा चाह रहा है। प्राथमिक सदस्यता के साथ ही साथ ही सक्रिय सदस्य बनने के लिए होड़ लगी हुई थी। जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक की ओर से कुल 1005 की सूची सक्रिय सदस्यता के लिए पार्टी नेतृत्व को भेजी गई थी। इसके सापेक्ष 976 सदस्यों की सूची पार्टी नेतृत्व से प्राप्त हो चुकी है। 25 सदस्यों की सूची को आपत्ति लगाकर वापस कर दिया गया था। साथ ही सत्यापन कर रिपोर्ट मांगी गई थी। मंडल अध्यक्ष पद के लिए 13 व 14 अक्टूबर को चुनाव होना है। इसके लिए अभी से रणनीति बनना शुरू हो गया है।
हर कोई दांव-पेंच में जुटा हुआ है। रास्ते में अड़ंगा बने कई दिग्गजों को सूची से ही बाहर कर लिया गया है। पिछले दिनों हुई बैठक में आए चुनाव अधिकारी भी सवालों में घिर गए थे। आखिरकार उन्हें बीच में बैठक स्थगित कर वापस चला जाना पड़ा था। चुनाव अधिकारी का कहना था कि मंडल अध्यक्ष पद पर वही आवेदन कर सकता है, जो पिछले साल भी सक्रिय सदस्य रहा हो। इस पर मंडल चुनाव अधिकारियों ने यह कहते हुए आपत्ति दर्ज कर दी थी कि वह सूची कहा है। काफी खोज के बाद भी सूची नहीं मिली। इसी तरह जिला प्रतिनिधि पद पर भी आए कुछ शर्तों को लेकर बैठक नहीं हो पाई थी। जिलाध्यक्ष का कहना है कि जरूरत पडऩे पर पूरी सूची उपलब्ध करा दी जाएगी। पार्टी नेतृत्व के निर्देश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।