नागरिकता संशोधन विधेयक पर विरोधियों की ओर से हो रहे हमले को लेकर भाजपा हो गई सचेत
नागरिकता संशोधन विधेयक पर विरोधियों की ओर से हो रहे हमले को लेकर भाजपा सचेत हो गई है। लखनऊ में यूपी बिहार के चुनिंदा कार्यकर्ताओं के लिए कार्यशाला आयोजित की।
वाराणसी, जेएनएन। नागरिकता संशोधन विधेयक पर विरोधियों की ओर से हो रहे हमले को लेकर भाजपा सचेत हो गई है। लखनऊ में यूपी बिहार के चुनिंदा कार्यकर्ताओं के लिए कार्यशाला आयोजित की। इसमें कार्यकर्ताओं को विरोधियों द्वारा भ्रामक प्रचार-प्रसार व नागरिकता संशोधन विधेयक के बारे में जानकारी दी गई। कार्यशाला में काशी के भी कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।
कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डा. अनिल जैन ने कहा कि गरीब कल्याण ही अन्त्योदय है सरकार की 135 योजनाओं में 95 प्रतिशत योजनाएं गरीबों को समर्पित है। नागरिकता संशोधन विधेयक को पास करके मोदी सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किया है। देश को आजादी देश के विभाजन के रूप में मिली और यह विभाजन धर्म के आधार पर किया गया। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने वर्तमान समय में मीडिया एवं सोशल मीडिया की उपयोगिता पर चर्चा की उन्होंने कहा कि मीडिया, सोशल मीडिया की वजह से जनता से संवाद सुगम हुआ है। संसद में तीन तलाक बिल, धारा 370 एवं 35ए हटाने का बिल, नागरिकता संशोधन बिल को मोदी सरकार ने पास किया है। हम अपने घोषणा पत्रों में हर बार इसका उल्लेख करते थे। जनता के अपार बहुमत के कारण हम यह बिल पास कर सके।
राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक में ऐसे शरणार्थियों को उचित आधार पर नागरिकता प्रदान करने के प्रावधान है जो किसी भी तरह से भारत के संविधान के तहत किसी प्रावधान के खिलाफ नहीं आते हैं और अनुच्छेद 14 का उल्लघंन नहीं करते है। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर ने किया। कार्यशाला में काशी क्षेत्र के महामंत्री अशोक चौरसिया, अमरनाथ यादव, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर, सुशील उपाध्याय, ओमप्रकाश त्रिपाठी, अनिल सिंह आदि उपस्थित थे।