भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी सोनभद्र नरसंहार में 50-50 लाख मुआवजा दिलाने के लिए बनाएगी दबाव
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद डी राजा समेत तमाम लोगों ने शनिवार को घोरावल के उभ्भा गांव में पीडि़तों से मिलकर स्थिति का जायजा लिया।
सोनभद्र, जेएनएन। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद डी राजा समेत तमाम लोगों ने शनिवार को घोरावल के उभ्भा गांव में पीडि़तों से मिलकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान टीम ने मृतकों के परिवारवालों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा सरकार से दिलाने की पहल करने का भरोसा दिलाया। कहा कि इसके लिए सरकार पर दबाव बनाएंगे। इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद टीम वापस चली गई।
राष्ट्रीय महासचिव के साथ राज्य सचिव डा. गिरीश, अरविंद राज स्वरूप, पूर्व विधायक इम्तियाज अहमद, खेत मजदूर यूनियन के प्रदेश महासचिव फूलचंद्र यादव, किसान सभा के संयुक्त सचिव सुभाष पटेल, राज्य कार्यकारिणी सदस्य हामिद अली, विजय सिंह व दिनेश सिंह के साथ कुल 25 लोगों की टीम उभ्भा गांव दोपहर बाद सवा तीन बजे पहुंची। हालांकि यह टीम सीधे घटनास्थल पर पहुंची।
भूमि का निरीक्षण करने के बाद वहां मौजूद जामुन के पेड़ के नीचे मिले दो-तीन ग्रामीणों ने घटना की विधिवत जानकारी ली। डी राजा ने कहा कि मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने के साथ ही अन्य सुविधाओं को मुहैया कराने के लिए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पीडि़तों के साथ है। उनकी हर लड़ाई संगठन लडऩे को तैयार है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप