भैया दूज : भाइयों के लिए मंगल कामना कर रहीं बहनें, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ व कन्या भ्रूण हत्या रोकने की ली शपथ
भैया दूज पर बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनके सुख और समृद्ध की कामना कर रही हैं। सुबह से ही बाजारों एक बार फिर चहल-पहल बढ़ गई है।
वाराणसी, जेएनएन। भैया दूज पर बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनके सुख और समृद्ध की कामना कर रही हैं। सुबह से ही बाजारों एक बार फिर चहल-पहल बढ़ गई है। मिठाई और पूजन सामग्रियों के साथ ही फूल-मालाओं की दुकानें सजी हैं। लोगों में पर्व को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल है। मंडुआडीह क्षेत्र के शिवदासपुर में मंगलवार को भैया दूज पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ व भ्रूण हत्या का शपथ महिलाओं ने ली।
परंपरागत तरीके से मनाया जा रहा भैया दूज का पर्व
दीपावली पर्व शुक्रवार को धनतेरस से शुरू हो गया था। इसी दिन भगवान धन्वंतरि जयंती भी उल्लास के साथ मनाई गई। शनिवार को छोटी दिवाली और श्री हनुमान जयंती की धूम रही। नरक चतुर्दशी पर दीपदान किया गया। इसके बाद रविवार को दीपावली का मुख्य पर्व धूम-धड़ाके के साथ मनाया गया। व्यापारियों ने बही-खाते की पूजा कर उसे बंद कर दिया। वहीं सोमवार को परिवार के लोगों ने दिन में काम-काज बंद रखा। बाजार भी बंद रहे। अब मंगलवार को भैया दूज के अवसर पर सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है।
भाइयों के घर जाने की बहनों को है जल्दी
भाई-बहन के अटूट रिश्ते का पर्व भैया दूज के दिन बहनों को भाइयों के घर जाने की जल्दी है। अपने घर का काम निपटाकर बहनें भाइयों के घर जाने की तैयारी कर रही हैं। वहीं पूजन भी शुरू हो चुका है। बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगा, आरती उतार बलैया ले रही हैं। साथ ही भाई उन्हें नेग भी यथा सामथ्र्य दे रहे हैं।