समाज कल्याण विभाग की योजनाएं गरीब और असहाय व्यक्तियों के लिए, पात्रों को मिले लाभ : रमापति
सूबे के मंत्री रमापति शास्त्री ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की योजनाएं गरीब व असहाय व्यक्तियों के लिए है जो बहुत संवेदनशील है।
वाराणसी, जेएनएन। सूबे के मंत्री रमापति शास्त्री ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की योजनाएं गरीब व असहाय व्यक्तियों के लिए है, जो बहुत संवेदनशील है। पात्रों को समय से योजनाओं का लाभ मिले। कोई पात्र पेंशन से वंचित नहीं रहे। प्रदेश सरकार ने समाज कल्याण के लिए सबसे ज्यादा काम किया है। प्रदेश में 46 लाख से अधिक लोगों को वृद्धा पेंशन का लाभ मिल रहा है। 27 लाख से ज्यादा छात्रवृत्ति दी जा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 96 हजार से अधिक लड़कियों के विवाह कराए। शादी अनुदान में तीन लाख लड़कियों को सहायता दी गई। वे रविवार को सर्किट हाउस सभागार में समाज कल्याण विभाग की मंडलीय समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वाराणसी मंडल में 328471 वृद्धावस्था पेंशन दी जा रही है। इसमें अब तक 113.61 करोड़ रुपये मंडल को उपलब्ध हो चुके हैं। इसी वित्तीय वर्ष में मंडल में 67452 नई वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत हुई है। सीएम ने सामूहिक विवाह योजना में मंडल में इस वर्ष 1717 लड़कियों की शादी कराई है। इसमें 8.55 करोड़ रुपये व्यय किए गए। सामूहिक विवाह योजना में 55 शादिया अल्पसंख्यक समुदाय की हुई। पारिवारिक लाभ योजना में 2353 परिवारों को 7.06 करोड़ रुपये की सहायता मंडल में दी जा चुकी है।
अनुसूचित जाति की निर्धन परिवार की 2019 लड़कियों की शादी के लिए 4.23 करोड़ रुपये दिए गए। सामान्य परिवार के गरीबों को भी 509 लड़कियों की शादी के लिए 1.35 करोड़ दिया गया। अत्याचारों से उत्पीड़ित अनुसूचित जाति के मंडल में कुल 1318 मामलों में इस वर्ष 11.15 करोड़ रुपये की मदद की गई। मंत्री ने राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, प्रशिक्षण केंद्रों, राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास, वृद्ध आश्रमों की समीक्षा करने के साथ उन्हें निरीक्षण करने का निर्देश दिया। इस दौरान मंडल और जिले के अधिकारी मौजूद थे।