Ballia Murder Case : दुर्जनपुर हत्याकाण्ड में प्रयुक्त रिवाल्वर को रिमांड में पुलिस ने किया बरामद
बलिया के दुर्जनपुर गोलीकांड के मुख्य आरोपित धीरेद्र प्रताप सिंह के रिमांड के दौरान स्वीकार करने के बाद शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे घटना में प्रयुक्त रिवाल्वर को पुलिस ने घर के बगल से बरामद कर लिया।
बलिया, जेएनएन। दुर्जनपुर गोलीकांड के मुख्य आरोपित धीरेद्र प्रताप सिंह के रिमांड के दौरान स्वीकार करने के बाद शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे घटना में प्रयुक्त रिवाल्वर को पुलिस ने घर के बगल से बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपित काे न्यायालय को सौंप दिया गया।
रेवती एसएचओ प्रवीण कुमार सिंह आरोपित को 48 घंटे के लिए रिमान्ड पर लेने के बाद गुरूवार को उसको लेकर गांव गई थी। काफी प्रयास के बाद भी पुलिस हथियार नही बरामद की सकी थी। शुक्रवार को सुबह पुन: पूछताछ के दौरान आरोपित की स्वीकारोक्ति पर पुलिस उसे गांव दुर्जनपुर लेकर गई। पड़ोसी प्रयाग सिंह और उसके घर के दक्षिण में स्थित टिन शेड के पास भूसा रखने की जगह के बगल अशोक और नीम के पेड़ के नीचे जमीन में गाड़ कर रखा गया रिवाल्वर बरामद हुआ। धीरेद्र प्रताप सिंह ने स्वीकार किया कि घटना के दौरान पिता व भाई के घायल होने के बाद आत्मरक्षा के लिए फायरिंग की थी। यदि कार्रवाई नहीं करता तो मेरी भी जान को खतरा था। हथियार बरामदगी के बाद पुलिस हत्यारोपित को रेवती लायी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायालय को सौंप दिया।
वहीं पूछताछ और रिमांड के बाबत जागरण को थाना इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपित पक्ष से तहरीर मिल चुकी है शुक्रवार की शाम तक प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी।