बलिया हर्ष फायरिंग में घायल गायक गोलू राजा वाराणसी रेफर, एसपी घटनास्थल पहुंचे जायजा लेने
भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष भानु दुबे के बेटे के जन्मदिन पर भव्य पार्टी का आयोजन कोरोना संक्रमण खतरों की आशंका के बीच धूमधाम से किया गया था। सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक गोलू राजा भी आए हुए थे। इसी दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक गोली गोलू राजा को जा लगी।
बलिया, जेएनएन। गड़वार थाना क्षेत्र के महाकालपुर गांव में सोमवार की देर रात जन्मदिन की पार्टी में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से भोजपुरी गायक व अभिनेता गोलू राजा घायल हो गए थे। पियरी जनपद भोजपुर, बिहार के रहने वाले गोलू राजा को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी बीएचयू ट्रामा सेंटर आखिरकार मंगलवार की सुबह रेफर कर दिया गया।
हादसे की बाबत जानकारी होने के बाद पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही कानूनी कार्रवाई का निर्देश एसओ गड़वार को दिया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भानु दुबे के बेटे के जन्मदिन पर भव्य पार्टी का आयोजन कोरोना संक्रमण खतरों की आशंका के बीच धूमधाम से किया गया था। सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक गोलू राजा भी आए हुए थे। इसी दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक गोली गोलू राजा को जा लगी। उनके सहयोगी उन्हें लेकर पहले मऊ गए। वहां पर प्राइवेट चिकित्सक लेने से इंकार कर दिए। इस पर वह सीधे बक्सर निकल गए। बक्सर के निजी चिकित्सालय में इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बक्सर के निजी चिकित्सक से बात कर गायक की हालत का जायजा लिया।
बोले पुलिस अधीक्षक
गड़वार अंतर्गत ग्राम महाकालपुर के रहने वाले भानू दुबे के बच्चे का जन्मदिन था। उसमें गायक गोलू राजा रात को गाना गा रहे थे। इसी दौरान किसी ने फायरिंग कर दी जिसमें इन्हें गोली लगी है। इनके साथ वाले लोग उनको इलाज के लिए बक्सर लेकर चले गए। डॉक्टर से वार्ता की गई है, इनकी हालत ठीक है। समुचित इलाज हेतु ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया है। इस मामले में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।