बहुजन समाज ने भरी महापरिवर्तन की हुंकार, मायावती का जन्मदिन मना जनकल्याणकारी दिवस के रूप में
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का 64वां जन्मदिन बुधवार को जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया गया।
वाराणसी, जेएनएन। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का 64वां जन्मदिन बुधवार को जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया गया। कचहरी स्थित शास्त्रीघाट पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने वर्ष 2022 में महापरिवर्तन की हुंकार भरी।
इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए वाराणसी मंडल के सेक्टर प्रभारी रघुनाथ चौधरी ने कहा कि प्रदेश और देश की जनता वर्तमान सरकार से त्रस्त है। दोनों सरकार केवल समाज को बांटने का काम कर रही है। जनता की समस्या पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। जन्मदिन के अवसर पर सभी संकल्प लेकर जाएं कि आगामी चुनाव में बसपा को जिताएंगे। अध्यक्षता करते हुए पूर्व एमएलसी जिला इंचार्ज विरेंद्र कुमार चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने समाज के हर वर्ग को गुमराह किया। धन्य हो काशीराम का और जिन्होंने मायावती के नेतृत्व में सरकार बनाकर सर्वसमाज का भला किया। आज हम सब बहनजी को दिर्घायु होने की कामना करते हुए एक बार फिर उनकी सरकार बनाने का संकल्प लेते हैं। संचालन जिला अध्यक्ष नवीन भारत ने किया। सभा को संबोधित करने वालों में मुंशीराम सुमन, अवनीश कुमार, मेराज फारुकी जुग्गन, रमेश शास्त्री, सुभाष राय, सुरेंद्र, डा. विनोद, लक्ष्मण राम्र अजय प्रताप, राजेश भारती, दीपचंद चौधरी, एस जावेद, रिजवान अहमद, दयाशंकर भारती, मुकेश भारती, रूपचंद भारती, सलीम खान, सुभाष चंद्र साहनी आदि शामिल रहे।
काटा 64 किलो का केक
सभा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में गाजेबाजे के साथ शास्त्रीघाट पहुंचे। वहां पर 64 किलोग्राम का केक काटा गया। जन्मदिन समारोह में आने वाले कार्यकर्ताओं को बांटा गया।