बाहुबली विधायक विजय मिश्र पर भदोही में एक और मुकदमा, सरकारी भूमि कब्जाने का आरोप
ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। इनके खिलाफ ऊंज थाने में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। बुधवार को सरकारी जमीन पर कब्जा किये जाने के आरोप में राजस्व निरीक्षक राजेंद्र ङ्क्षसह ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
भदोही, जेएनएन। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। इनके खिलाफ ऊंज थाने में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। बुधवार को सरकारी जमीन पर कब्जा किये जाने के आरोप में राजस्व निरीक्षक राजेंद्र ङ्क्षसह ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। नवधन गांव मेें हाईवे के किनारे करीब ढाई बीघा ग्राम सभा की जमीन पर बने बाउंड्रीवाल को प्रशासन ने ढहा दिया था। विधायक पर अगस्त से लेकर अब तक गुंडा एक्ट सहित छह मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
औराई में व्यवसायी से रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप में हुई गुंडा एक्ट की कार्रवाई के बाद विधायक के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज किए गए। रिश्तेदार का भवन कब्जा करने और फर्म को हड़पने के आरोप में पांच अगस्त को गोपीगंज कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मध्य प्रदेश के आगर में गिरफ्तारी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। इसके बाद साजिश, सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य मामलों में केस दर्ज किया गया था। नवधन में सरकारी भूमि पर कब्जा करने के आरोप में छठां मुकदमा ऊंज में दर्ज किया गया है।
इससे पूर्व विधायक पर वाराणसी की रहने वाली एक गायिका ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी थी। इस मामले में उनके परिवार के ही दो अन्य सदस्यों पर मामले में संलिप्त होने का आरोप है। वहीं परिवार के अन्य लोगों की भी प्रशासन आपराधिक कुंडली तलाश रहा है। जबकि अन्य सभी मामलों की जांच प्रगति पर है।