मऊ में हिस्ट्रीशीटर अंकुर राय के खिलाफ एक और मुकदमा, सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा के मामले में कार्रवाई
मऊ में हिस्ट्रीशीटर अंकुर राय के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा करने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
मऊ, जेएनएन। कोपागंज थाना क्षेत्र के नौसेमर के चकरा में खलिहान की जमीन पर कब्जा कर मकान बना कर हिस्ट्रीशीटर अंकुर राय द्वारा वहां पर जिम संचालित किया जा रहा था। राजस्व विभाग की टीम ने उक्त जमीन की पैमाईश कर मकान मालिक के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति पर अवैध कब्जा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिला सभागार में डीएम ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने इस बाबत जानकारी दी।
लेखपाल ने अंकुर के खिलाफ जमीन पर कब्जा को लेकर दिया तहरीर
थाना क्षेत्र के नौसेमर के चकरा में खलिहान की जमीन जिसका रकबा 0.079 हेक्टेयर है। इसमें 0.036 हेक्टेयर पर कब्जा कर अंकुर राय ने मकान बना लिया था। इसमें जिम को संचालित किया जा रहा था। इसकी सूचना जब जिलाधिकारी को हुई तो उन्होंने राजस्व विभाग को मौके पर पहुंच जांच का आदेश दिया। लेखपाल कृष्णमुरारी शर्मा एवं अन्य राजस्व की टीम गांव पहुंच सार्वजनिक जमीन की माप किया। राजस्व विभाग की पैमाईश में खलिहान की जमीन पर कब्जा पाया गया। उच्चाधिकारियों के आदेश पर शुक्रवार की शाम लेखपाल कृष्णमुरारी शर्मा ने अंकुर राय के खिलाफ सार्वजनिक जमीन पर कब्जा को लेकर नामजद तहरीर पुलिस को दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
गिरोह से जुड़े लोग हो गए भूमिगत
बता दें कि शासन के आदेश पर जिला प्रशासन ने मुख्तार अंसारी गिरोह के विरुद्ध अभियान छेड़ रखा है। गिरोह के लोगों द्वारा संचालित अवैध बुचडख़ाना, मछली व्यवसाय, अवैध वसूली आदि के विरुद्ध धड़ाधड़ कार्रवाई की गई है। आए दिन पुलिस प्रशासन गिरोह से जुड़े सदस्यों को टारगेट कर रहा है। इसी क्रम में बीते दस जुलाई को प्रशासन ने मुख्तार अंसार गिरोह से जुड़े पांच लोगों के सात असलहों के लाइसेंस को निरस्त कर दिया था। पुलिस की इस कार्रवाई से गिरोह सहित आपराधिक जगत में हड़कंप मचा है। गिरोह से जुड़े लोग भूमिगत हो गए हैं।