अमर सिंह ने कहा-ऐसा कलयुग आएगा, अखिलेश करेगा राज और मुलायम जंगल जाएगा
अमर सिंह ने समाजवादी पार्टी को तोडऩे के प्रश्न कर कहा कि अखिलेश अपनी सौतेली मां साधना को जादूगरनी और चुड़ैल कहते हैं। सौतेले भाई प्रतीक को अपना भाई नहीं मानते हैं।
वाराणसी (जेएनएन)। भारतीय जनता पार्टी की ओर इन दिनों नजदीकी बढ़ा रहे राज्यसभा सदस्य अमर सिंह ने समाजवादी पार्टी के साथ ही कांग्रेस पर भी निशाना साधा है। गाजीपुर एक कार्यक्रम में शिरकत करने जा रहे अमर सिंह आज लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर उतरे।
एयरपोर्ट पर मीडिया से घिरे अमर सिंह ने समाजवादी पार्टी को तोडऩे के प्रश्न कर कहा कि अखिलेश अपनी सौतेली मां साधना को जादूगरनी और चुड़ैल कहते हैं। सौतेले भाई प्रतीक को अपना भाई नहीं मानते हैं। यह कम से कम अपने देश में तो नहीं हो सकता है। इसी दौरान उन्होंने एक दोहा भी सुनाया। उन्होंने कहा कि रामचंद्र कह गये सिया से ऐसा कलयुग आएगा अखिलेश करेगा राज और बाप मुलायम जंगल जाएगा।
कांग्रेस के भारत बंद के आह्वाहन पर उन्होने कांग्रेस को जमकर कोसा और कहा कि उन्हें वर्तमान में जीना चाहिए। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में गांधी, सरदार पटेल और पंडित जवाहर लाल नेहरू के नेतृत्व में कांग्रेस ने महत्व पूर्ण योगदान दिया था। यह भी सच है कि गांधी जी की इच्छा के विरुद्ध देश का विभाजन हुआ और जब देश जश्ने आजादी मना रहा था तो गांधी जी उसका हिस्सा नहीं थे। उन्होंने यह भी कहा कि अतीत में जमा की गयी थाती की पूंजी को क्षय करते करते कांग्रेस अब पंजाब के पटियाला से दक्षिण के पांडिचेरी तक सीमित हो गयी है और 20 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और नरेंद्र मोदी के साथ भारी जान समर्थन है।
उन्होंने नोटबंदी को मुद्दा बनाने वाले लोगों के बारे में कहा कि हम यह कहना चाहते हैं कि नोटबंदी के बाद भाजपा ने उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र का चुनाव जीते हैं। उन्होंने कहा कि श्वेत पत्र निकलना चाहिए की नीरव मोदी या राहुल चौकसी जैसे लोगों को करोड़ों रुपये का लोन किसके कार्यकाल में दिए गया है।
इतना ही नहीं अमर सिंह आजम खां पर भी जमकर बरसे उन्होने कहा कि आजम खान ने कहा था कि हमारी बच्चियों को तेजाब से जलाएंगे, मेरे पत्नी को काटेंगे। मुझे बकरीद के बकरे के बाद काटेंगे और अमर सिंह जैसे लोग यानी हमारे जैसे हिन्दू लोगों को काटेंगे। इसके जवाब में मै रामपुर गया था और बलि के बकरे के रूप में वहां पांच घंटे बैठा रहा, आओ मुझे काटो आजम। न वो आये न उनकी छुरी आयी और न उनके गुंडे आये। जीभ में हड्डी नहीं होती वो दाएं बाएं कहीं भी घूम सकती है। आजम खां प्रधानमंत्री को प्रधानमंत्री कह देंगे दाऊद इब्राहिम और अबू सलेम को अपना गुरु कह देंगे। कश्मीर को पकिस्तान का अंग कह देंगे। आजम खां तैमूर लंग, अलाउद्दीन खिलजी और अफगानी जैसे मुसलामानों के वंशज हैं, क्रूर आतातियों के वंशज हैं।