नक्सलियों का भारत बंद का एेलान, मुगलसराय मंडल में अलर्ट जारी, ट्रेनों में चौकसी
पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल द्वारा भाकपा माआेवादी के खिलाफ चलाए जा रहे आपरेशन समाधान के विरोध में नक्सली संगठन ने गुरुवार को भारत बंद का एेलान किया है।
चंदौली, जेएनएन। पुलिस व रेलवे सुरक्षा बल द्वारा भाकपा माआेवादी के खिलाफ चलाए जा रहे आपरेशन समाधान के विरोध में नक्सली संगठन ने गुरुवार को भारत बंद का एेलान किया है। इस घोषणा के बाद मुगलसराय रेल मंडल में अलर्ट जारी कर दिया गया है। मंडल को अधिकांश हिस्सा नक्सल प्रभावित है। स्टेशनों और महत्वपूर्ण ट्रेनों में चौकसी बढ़ा दी गई है। सूत्रों की माने तो रेल सुरक्षा तंत्र और खुफिया विभाग को चौकन्ना रहने को कहा गया है। इस दौरान ट्रैकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पुलिस और रेलवे के लिए सिर दर्द बने नक्सली संगठन के खिलाफ आपरेशन समाधान चलाया जा रहा है। इसके विरोध में नक्सली संगठन ने 31 दिसंबर की रात 12 से 1 फरवरी की रात 12 बजे का भारत बंद का ऐलान किया गया है। बंद को गंभीरता से लेते हुए मुगलसराय रेल मंडल में अलर्ट जारी हुआ है। मुगलसराय दिल्ली-हावड़ा रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन में विशेष चौकसी बरतने और ट्रेनों को कड़ी सुरक्षा के बीच चलाने के निर्देश दिए गए हैं। नक्सलियों के इस बंद को सबसे घातक माना जा रहा है।
ऐसे में रेल महकमा किसी तरह की चूक नहीं चाहता है। सुरक्षा बलों को निर्देश दिए गए हैं कि ट्रैक और ट्रेनों पर पैनी निगाह रखें। सीआईबी के अनुसार चौकसी बरती जा रही है। महत्वपूर्ण ट्रेनों में जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है। नक्सली बंदी के मद्देनजर सुरक्षा के सभी उपाय किए गए हैं। आरपीएफ व जीआरपी को सतर्क रहने का हिदायत दी गई है।