समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव बनारस में गोवर्धन पूजा में हाेंगे शामिल
आठ नवम्बर को खिड़किया घाट पर आयोजित होने वाली पूजा में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
वाराणसी (जेएनएन) । गोवर्धन पूजा समिति के द्वारा इस वर्ष आठ नवम्बर को खिड़किया घाट पर आयोजित होने वाली पूजा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। पार्टी के महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ने शनिवार को बताया कि लखनऊ से पूर्व सीएम के आगमन की औपचारिक सूचना मिल गई है। गोवर्धन पूजा के दिन विशाल शोभा यात्रा आर्य महिला पीजी कालेज से शुरू होकर लहुराबीर, मैदागिन, मछोदरी, प्रह्लादघाट, भदऊ चुंगी होते हुए राम मनोहर लोहिया घाट (खिड़किया घाट) पर स्थित गोवर्धन धाम पहुंचती है।
सपा नेताओं के दल ने लहरतारा घटना स्थल का लिया जायजा : सपा जिला व महानगर नेताओं की टीम ने जिलाध्यक्ष डा. पीयूष यादव के नेतृत्व में विस्फोट वाले घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिलाध्यक्ष ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस का खुफिया तंत्र फेल होने को जिम्मेदार बताया। वहीं महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ने मौके पर लगे मोबाइल कंपनी के टावरों पर अनुमति के लिए जिला प्रशासन को आड़े हाथों लिया। इस निरीक्षण में इलाके के पूर्व पार्षद अजय सोनकर भी मौजूद थे।