रविदास मंदिर में मत्था टेकने के बाद बोले भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर - '2022 में उत्तम प्रदेश बनाऊंगा'
संत रविदास जयंती समारोह में शामिल होने आए भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने शनिवार को सीर गोवर्धनपुर में संत रविदास मंदिर में दर्शन पूजन के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि यहां संकल्प लेने आया हूं 2022 में उत्तम प्रदेश बनाऊंगा।
वाराणसी, जेएनएन। संत रविदास जयंती समारोह में शामिल होने आए भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने शनिवार को सीर गोवर्धनपुर में संत रविदास मंदिर में दर्शन पूजन के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि 'यहां संकल्प लेने आया हूं 2022 में उत्तम प्रदेश बनाऊंगा'। इस दौरान भीम आर्मी प्रमुख ने राज्य सरकार पर भी हमला बोला।
अपने दूसरे दिन के वाराणसी दौरे में भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने रविदास मंदिर में मत्था टेकने के बाद कुछ देर तक बैठकर मंदिर प्रबंधन और कार्यकर्ताओं से बात के बाद मंदिर से बाहर निकलकर योगी सरकार के ऊपर निशाना साधते हुए कहा कि जंगल राज हो गया है। यहां बहू बेटियां सुरक्षित नही हैं। कहा कि यह संत का दरबार है यहां हर कोई आ सकता है। संत की कोई जाति बिरादरी नहींं होती है। यहां गुरु का घर है और पूरे देश में इनके फॉलोअर रहते हैं। हमारा समाज बेगमपुरा के बारे में जानता है।
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने कहा कि मैं यहां संकल्प लेने आया हूं। जिस दिन बेगमपुरा राज आएगा सारी जाति बिरादरी खत्म हो जायेगी। हम 2022 में उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाएंगे। ऐसा नहींं जो जंगलराज प्रदेश सरकार ने कर रखा है, कहा कि सरकार को इस व्यवस्था पर शर्म आनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर भी जमकर हमला बोला। वहीं इससे पूर्व संत रविदास मंदिर में संत निरंजनदास से भी आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने मुलाकात की और प्रसाद ग्रहण करने के बाद पंडाल में विचार भी व्यक्त किया।