मणिमंजरी राय के कार्यालय को प्रशासन ने खंगाला, नगर पंचायत मनियर के अध्यक्ष व अन्य आरोपितों की तलाश
एसडीएम बांसडीह बलिया के नेतृत्व में टीम ने मणिमंजरी के कार्यालय की फाइलों को खंगाला। इस दौरान प्रशासन ने घटना से संबंधित रिकार्डों का सूक्ष्मतापूर्वक निरीक्षण किया।
बलिया, जेएनएन। नगर पंचायत मनियर की अधिशासी अधिकारी (ईओ) मणिमंजरी राय की मौत के रहस्य की गुत्थी सुलझाने में पुलिस अब तक पूरी तरह नाकाम रही है। गुरुवार को एसडीएम बांसडीह दुष्यंत मौर्या के नेतृत्व में टीम ने मणिमंजरी के कार्यालय की फाइलों को खंगाला। इस दौरान प्रशासन ने घटना से संबंधित रिकार्डों का सूक्ष्मतापूर्वक निरीक्षण किया। इस घटना के काफी दिनों बाद मनियर नंगर पंचायत कार्यालय पर चहल-पहल दिखी। ईओ की घटना के बाद से ही नगर पंचायत में कामकाज ठप था।
छह जुलाई को शहर के आवास विकास कालोनी स्थित फ्लैट में नगर पंचायत मनियर की ईओ मणिमंजरी राय का शव कमरे में लटकता मिला था। इससे प्रशासन के भी होश उड़ गए थे। ईओ के पिता जय ठाकुर राय ने घटना के बाद बेटी की हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने ईओ के भाई की तहरीर पर नगर पंचायत अध्यक्ष भीम गुप्ता, आपरेटर अखिलेश, टैक्स लिपिक विनोद ङ्क्षसह, चालक सहित अन्य पर मुकदमा कायम किया। इसमें फर्जी भुगतान सहित अन्य तरह के दबाव का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने मामले में प्रथम ²ष्टया चालक चंदन वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना के बाद ही पुलिस ने नगर पंचायत के ईओ कार्यालय को सील कर दिया था। इसकी जांच के लिए जिलाधिकारी श्रीहरिप्रताप शाही ने एसडीएम बांसडीह के नेतृत्व में टीम बनाई थी। गुरुवार को एसडीएम बांसडीह, तहसीलदार गुलाब चंद्रा, सदर कोतवाल विपिन ङ्क्षसह के नेतृत्व में टीम नगर पंचायत मनियर पहुंच गई। इसके बाद टीम ने ईओ के चैंबर को खोलकर उसके कागजात को खंगाला। इस दौरान उनके चैंबर में मिले कागजातों को सूचीबद्ध किया गया। यह प्रक्रिया पूरे दिन चलती रही। कोतवाल विपिन ङ्क्षसह ने बताया कि ईओ के चैंबर के रिकार्ड को सूचीबद्ध किया गया है। इसमें कई तथ्य सामने आए हैं। एसडीएम के नेतृत्व में जांच की जा रही है।
अभी भी फरार चल रहे हैं आरोपित
ईओ मणिमंजरी राय मामले में आरोपित अभी भी फरार चल रहे हैं। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए इलाहाबाद व राजधानी तक उनके ठिकाने पर छापेमारी कर रही है। इस मामले में नगर पंचायत मनियर के अध्यक्ष भीम गुप्ता, आपरेटर अखिलेश व टैक्स लिपिक विनोद को आरोपी बनाया गया है।
अध्यक्ष के परिवार वालों से मिला व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्वांचल अरविंद गांधी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को नगर पंचायत मनियर के अध्यक्ष भीम गुप्ता के परिजनों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल से उनकी पत्नी अनीता गुप्ता ने कहा कि मेरे पति भीम गुप्ता को राजनीतिक द्वेष से फंसाया जा रहा है। उनके अधिशासी अधिकारी मणिमंजरी राय से संबंध खराब नहीं थे। इसके बारे में राजनीतिक साजिश से अफवाह फैलाई जा रही है। इस मामले में मेरे पति दोषी हैं तो निश्चय ही कार्रवाई की जाए। कहा कि मैं मुख्यमंत्री से चाहती हूं कि वह मामले की सीबीआई जांच करा दें ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता, पूर्व चेयरमैन प्रदीप गुप्ता, बांसडीह नगर अध्यक्ष विजय कुमार गूलर, कमलेश वर्मा, गोपाल जी गुप्ता, मुंनजी, संतोष गुप्ता, कृष्णा आदि मौजूद थे।