आम आदमी पार्टी ने दिखाया है विकास का रोल माॅडल, जिला पंचायत के सभी सीटों पर उतारेंगे आप प्रत्याशी
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद संजय सिंह ने शनिवार को सभा में कहा कि जिला पंचायत के सभी सीटों पर पार्टी अपने प्रत्याशी उतारेगी। आप लोग इन्हें जीताकर कुर्सी पर बैठाइए इनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों की बदौलत पार्टी को विधानसभा चुनाव में मजबूत करिये।
बलिया, जेएनएन। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद संजय सिंह ने मालदेपुर मोड़ पर शनिवार को सभा में कहा कि जिला पंचायत के सभी सीटों पर पार्टी अपने प्रत्याशी उतारेगी। आप लोग इन्हें जीताकर कुर्सी पर बैठाइए, इनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों की बदौलत पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत करिये। देश व कई प्रदेशों में सिर्फ परिवारवाद सत्ता की कुर्सी पर बैठा है। चाहे वह कांग्रेस हो या भाजपा। पंजाब, कश्मीर, हरियाणा और झारखंड में भी यही हाल है। आम आदमी पार्टी में परिवारवाद नहीं है, इसमें आम परिवार से निकलने वाले लोग हैं, जिन्हें विकास करने का जज्बा है। आज देश की राजधानी में आप सरकार ने विकास कार्य करके दिखाया है। जो दूसरी पार्टियों के लिए रोल मॉडल है।
कहा कि प्रदेश में एक ऐसी सरकार चल रही जो किसानों का एक, नौ व 25 पैसा तक माफ कर मजाक करने का काम किया है। आज तक के राजनीति में पहली बार देखने को मिला कि प्रदेश की सुहागिन शिक्षामित्र महिलाएं सिर मुंडन करवा लीं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बीच सड़क पर पीटा गया। मुख्यमंत्री योगी बंगाल, केरल सहित अन्य प्रदेशों में अपनी सरकार का गुणगान कर रहे हैं। बंगाल में ममता दीदी भाजपा का इलाज करने के लिए बैठी हैं। प्रधानमंत्री पर चुटकी लेते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री बांग्लादेश गए हैं। वहां बोले कि बांग्लादेश को आजाद करवाने के लिए मैं गिरफ्तार हुआ। बांग्लादेश को आजाद करवाने में पूरा देश लगा था, तो आखिर गिरफ्तार किसने किया, क्या पाकिस्तानियों ने। मंच से सैकड़ों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सह प्रभारी अनूप पांडेय, राजेश सिंह, अजय राय मुन्ना, उषा राय, सोमनाथ सिंह, अशोक गुप्ता व अभिषेक प्रताप सिंह आदि पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।