संस्कृत विवि छात्रसंघ : गहमागहमी के बीच 89 प्रत्याशियों किया नामांकन, पुलिस ने रोका जुलूस
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में सोमवार को गहमागहमी के बीच छात्रसंघ के विभिन्न पदों के लिए 89 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया।
वाराणसी, जेएनएन। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में सोमवार को गहमागहमी के बीच छात्रसंघ के विभिन्न पदों के लिए 89 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। इसमें छात्रसंघ अध्यक्ष सहित चार पदों के लिए 76 प्रत्याशी शामिल है। इसमें कई छात्रों ने एक से अधिक पदों के लिए नामांकन दाखिल किया है। ऐसे चुनाव लडऩे वाले छात्रों की वास्तविक स्थिति वापसी वाले दिन छह जनवरी को ही साफ होगी।
नामांकन जुलूस को लेकर इस बार पुलिस-प्रशासन सख्त रही। कुछ छात्र सुबह जुलूस निकालने की कोशिश की पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बावजूद तमाम प्रत्याशी छात्रावास से जुलूस के रूप नारेबाजी करते हुए नामांकन करने पहुंचे थी। कुछ प्रत्याशियों ने ढोल-नगाड़े के संग नारेबाजी करते हुए जैसे ही केंद्रीय कार्यालय के पास पहुंचे। पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। पुलिस ने वीडियोग्राफी शुरू कर दी। यह देख छात्रों ने ढोल-नगाड़े वाले को भगा दिया। वहीं समर्थकों को इधर दक्षिणी गेट पर उधर केंद्रीय कार्यालय के पास रोक दिया जा रहा था। परीक्षा भवन स्थित नामांकन स्थल पर प्रत्याशी व उनके प्रस्तावक को ही जाने की इजाजत थी। कुछ प्रत्याशी अपने प्रस्तावकों के साथ पैदल ही नामांकन करने पहुंचे। नामांकन के लिए सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक का समय दिया गया था। ठंड होने के कारण परिसर में 11 बजे के बाद गहमागहमी बढ़ी। ज्यादातर प्रत्याशी दोपहर 12 बजे से एक बजे के बीच नामांकन किए।
ग्रह-नक्षत्र देखकर
किया पर्चा दाखिल
कुछ ग्रह-नक्षत्र देखकर नामांकन करने पहुंचे थे। यही कारण है कि ज्यादातर छात्रनेताओं ने दोपहर 12 बजे से एक बजे के बीच नामांकन किया।
महामंत्री पद पर सर्वाधिक नामांकन
निर्वाचनाधिकारी प्रो. शैलेश कुमार मिश्र के मुताबिक छात्रसंघ के विभिन्न पदों पर कुल 89 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इसमें अध्यक्ष पद पर 18, उपाध्यक्ष पर 21, महामंत्री पर 23, पुस्तकालय मंत्री पद पर 14 प्रत्याशी शामिल है। इसके अलावा संकाय प्रतिनिधियों में साहित्य संस्कृति संकाय प्रतिनिधि पर दो, वेद वेदांग संकाय प्रतिनिधि पर आठ, श्रमण विद्या संकाय प्रतिनिधि पद पर तीन प्रत्याशी शामिल है। इस प्रकार महामंत्री पद पर सर्वाधिक 23 प्रत्याशी है। वहीं दर्शन संकाय व ज्ञान-विज्ञान संकाय प्रतिनिधि के लिए एक भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है।
नाम वापसी छह को, मतदान आठ को
वैध प्रत्याशियों की सूची पांच जनवरी को दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। नाम वापसी छह जनवरी को सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक किए जा सकते हैं। मतदान आठ जनवरी को सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक होगा। मतगणना इसी दिन दोपहर तीन बजे से होगा। परिणामों की घोषणा मतगणना पूरी होने के तत्काल बाद किया जाएगा।