वाराणसी कैंट स्टेशन पर बनेगी थ्रीडी कलाकृतियां, दिखेगी काशी की कला और संस्कृति
कैंट स्टेशन पर थ्रीडी कलाकृतियां बनाई जा रही है। काशी की कला व संस्कृति की झलक दिखेगी। ट्रेन रुकते ही यात्रियों को स्मार्ट सिटी वाराणसी में होने का एहसास हो जाएगा। काशी के प्राचीन घाट और पर्यटन स्थल की आकर्षक कलाकृतियां सैलानियों का स्वागत करेंगी।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। कैंट स्टेशन पर थ्रीडी कलाकृतियां बनाई जा रही है। काशी की कला व संस्कृति की झलक दिखेगी। ट्रेन रुकते ही यात्रियों को "स्मार्ट सिटी वाराणसी" में होने का एहसास हो जाएगा। काशी के प्राचीन घाट और पर्यटन स्थल की आकर्षक कलाकृतियां सैलानियों का स्वागत करेंगी। वहीं भारतीय रेलवे की उपलब्धियां भी दर्शाई जाएंगी। दरअसल, कैंट स्टेशन की दीवारों पर स्मार्ट सिटी योजना के तहत थ्रीडी पेंटिंग्स लगाने का काम शुरू हो गया है। इस कवायद से जहां प्लेटफार्म और रेलवे मार्ग की रौनक बढ़ेगी। वहीं, रेलवे के स्वच्छता अभियान को भी बल मिलेगा।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक और मालगोदाम- रेलवे स्टेशन मार्ग पर वाटर प्रूफ पेंटिंग्स लगाई जा रही है। पेंटिंग में रेलवे की उपलब्धियां, यात्री सुविधाएं, जागरूकता सन्देश और प्रमुख पर्यटन स्थल यात्रियों के आकर्षण का केंद्र होंगे।
दीवारें कह रहीं हैं कहानी : वाराणसी में प्लेटफार्म संख्या नौ पर दीवारें पूर्व में ही बनारस के रंग में रंगी हुई हैं। साल भर पूर्व इन दीवारों पर बनारस की संस्कृति और पहचान को चित्रों के माध्यम से उकेरा गया है। इसकी वजह से बनारस आने वालों को काफी शानदार अनुभव होता रहा है।
स्मार्ट सिटी ऑर्गनाइजेशन से बनी सहमति : स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर को संवारने की कवायद चल रही है। इसी क्रम में स्टेशन निदेशक आनन्द मोहन सिंह ने कार्यदाई संस्था को कैंट स्टेशन परिसर में काम करने के लिए आमंत्रित किया था। सहमति बनने के उपरांत रेलवे परिसर में कलाकृतियों को लगाने का काम प्रारंभ हो गया। इसके पूर्व यहां एक हाई मास्ट लगाया जा चुका है। दो ओवरहेड वाटर टैंक पर वाटर प्रूफ पेंटिंग भी कराई जा चुकी है।
बोले अधिकारी : स्मार्ट सिटी योजना के तहत प्लेटफार्म की दीवारों पर वाटर प्रूफ थ्रीडी पेंटिंग्स लगाई जा रही है। इससे कैंट स्टेशन की रौनक काफी बढ़ जाएगी। - आनन्द मोहन सिंह, निदेशक।