वाराणसी नगर निगम के मेगा कैंप में 126 किशोरों को लगा कोरोना वैक्सीन, रविवार को दिखा युवा जोश
इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. एनपी सिंह व जोनल अधिकारी वरुणापार पीके द्विवेदी आदि मौजूद रहे। इस कैंप में अर्बन पीएचसी पहड़िया से डा. सरोज यादव दो वैक्सीनेटर रिंकी सिंह व सविता सिंह तथा रजिस्ट्रेशन के लिए शुभम व श्रीकृष्णा मौजूद थे।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। नगर निगम प्रशासन के वैक्सीनेशन महाअभियान के तहत रविवार को वरुणापार जोन में सारनाथ म्यूजियम के सामने व पहड़िया वार्ड की पार्षद वंदना सिंह के कार्यालय परिसर में मेगा कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें स्थानीय ठेला, पटरी व्यवसायी संघ के कार्यकर्ताओं ने भरपूर सहयोग दिया।
दोनों कैंपों में 15 से 18 वर्ष के 126 किशोरों को कोरोना का टीका दिया गया। इसमें सारनाथ म्यूजियम के सामने 86, जबकि पहड़िया कैंप में 40 किशोर-किशोरियों का वैक्सीनेशन कराया गया।
कैंप खजुही से लेकर पुरानापुल, दानियालपुर के अलावा सारनाथ, अकथा, पहड़िया, रमरेपुर आदि जगहों के किशोरों ने पहुंचकर टीका लगवाया। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने भी दोनों कैंपों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही अभिभावकों को अधिक से अधिक संख्या में 15 से 18 वर्ष के किशोरों को टीका लगाने के लिए प्रेरित व अपील किया। इस दौरान रविवार का दिन होने की वजह से किशोरों में भी काफी उत्साह नजर आया।
इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. एनपी सिंह व जोनल अधिकारी वरुणापार पीके द्विवेदी आदि मौजूद रहे। इस कैंप में अर्बन पीएचसी पहड़िया से डा. सरोज यादव, दो वैक्सीनेटर रिंकी सिंह व सविता सिंह तथा रजिस्ट्रेशन के लिए शुभम व श्रीकृष्णा मौजूद थे। नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने कैंप के सफल आयोजन के लिए नगर निगम के पदाधिकारियों व कर्मियों की सराहना करते हुए अधिक से अधिक टीकाकरण पर जोर दिया। अभिभावकों से भी अपील किया कि वह अपने 15 से 18 साल के बच्चों को विभिन्न केंद्रों पर ले जाकर टीका लगवाएं।
कहा कि कोरोना के खिलाफ जंग में सभी का एकजुट होना जरूरी है तभी हम इस पर विजय प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने कोरोना को लेकर जारी दिशा निर्देशों का अनुपालन पूरी तरह से करने की अपील आम जनता से की, ताकि इसके संक्रमण को रोका जा सके। नगर निगम की ओर से आगे भी इस तरह का अभियान जारी रहेगा।