शरद पूर्णिमा पर गंगा स्नान कर किया पूजन
जागरण टीम उन्नाव शरद पूर्णिमा पर बुधवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया।
जागरण टीम, उन्नाव : शरद पूर्णिमा पर बुधवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। बक्सर, परियर, कोल्हुआ गाड़ा, नानामऊ, बंदीमाता और शुक्लागंज आदि घाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सर्वाधिक भीड़ परियर और शुक्लागंज गंगातट पर रही।
परियर ब्रह्मावर्त गंगा तट पर श्रद्धालुओं के जत्थे मंगलवार शाम से ही आने शुरू हो गए थे। जो रात में जानकी कुंड, बलखंडेश्वर मंदिर व गंगा किनारे रुके थे। रात में भजन कीर्तन करने के बाद ब्रह्मामुहूर्त से ही गंगा स्नान कर पूजा अर्चना की और मौके पर मौजूद तीर्थ पुरोहितों को दान दक्षिणा दी। वापस लौटते समय रास्ते में पड़ने वाले बाबा बलखंडेश्वर मंदिर व जानकी कुंड आश्रम में मंदिरों में जलाभिषेक कर परिवार की मंगल कामना की। इस अवसर पर जानकी कुंड में चल रहे भंडारे में लोगो ने प्रसाद ग्रहण किया। बक्सर गंगातट पर भी श्रद्धालुओं की सुबह से ही भीड़ लगी रही। यहां फतेहपुर, रायबरेली आदि जनपदों से आए श्रद्धालुओं ने भी गंगा स्नान कर मां चंडिका देवी के चरणों में माथा टेका। नानामऊ घाट बंगरमऊ, बंदीमाता घाट फतेहपुर चौरासी, कोल्हुआ गाड़ा अचलगंज और शुक्लागंज में भी श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया।