महिला व छात्र ने फंदे से लटककर दी जान
जागरण टीम उन्नाव सदर कोतवाली अंतर्गत शहर के मोहल्ला ईदगाह पत्थर कालोनी और आसीवन थान
जागरण टीम, उन्नाव : सदर कोतवाली अंतर्गत शहर के मोहल्ला ईदगाह पत्थर कालोनी और आसीवन थानांतर्गत मत्तूखेड़ा गांव के मजरे रहीमाबाद में छात्र ने फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की।
उन्नाव शहर के मोहल्ला ईदगाह पत्थर कालोनी निवासी शिव सिंह यादव की रायबरेली जिला निवासी सरला से कई साल पहले कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों शहर में ही किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। कुछ दिन पहले शिव सिंह पत्नी को छोड़कर अपने घर में रहने लगा। इसके बाद वह दूसरी शादी करने की तैयारी में था। मामले का मुकदमा भी रायबरेली के जिला एवं सत्र न्यायालय में चल रहा था। बीते दिनों दोनों में सुलह हो गई तो सरला बीती 11 अगस्त को शिव सिंह के घर आ गई, लेकिन उसके ससुरालियों ने उसे घर में रखने से मना कर दिया। जिससे वह घर के बाहर ही बैठी रहती थी। उसने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे परेशान होकर महिला ने शुक्रवार सुबह घर के गेट में दुपट्टे का फंदा बना फांसी लगा ली। वहीं दूसरी घटना में आसीवन थानाक्षेत्र के गांव मत्तूखेड़ा के मजरा रहीमाबाद निवासी 17 वर्षीय चंद्रशेखर पुत्र किशन का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के समय स्वजन बाहर गए थे। वापस आने पर मां कल्लो ने देखा तो उसकी चीख निकल गई। स्वजन ने बताया कि दिवंगत कक्षा दस का छात्र था। वह पांच भाइयों में सबसे छोटा था। मां कल्लो ने बताया कि वह दो साल से पेट दर्द से पीड़ित था और उसका इलाज चल रहा था। बीमारी से ऊबकर उसने जान दी है।