लोधेश्वर जा रहे शिव भक्तों की टोली से टोल पर चार घंटे लगा जाम
संवाद सूत्र नवाबगंज महाशिवरात्रि पर लोधेश्वर में भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए जा रहे
संवाद सूत्र, नवाबगंज : महाशिवरात्रि पर लोधेश्वर में भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए जा रहे शिव भक्तों की बुधवार रात 10 बजे के बाद जो भीड़ शुरू हुई तो टोल प्लाजा पर जाम लग गया जो दो बजे तक लगा रहा। जाम से निजात पाने के लिए पूरा टोल प्रशासन रात भर मेहनत करता रहा। दूसरी ओर अजगैन मोड़ पर जाम लगा रहा और रात 11 बजे के बाद लगा जाम सुबह तीन बजे तक चलता रहा।
बाराबंकी के पास स्थित लोधेश्वर महादेव के दर्शन के लिए आसपास क्षेत्र के सैकड़ो की संख्या में शिव भक्त कांवर यात्रा के साथ जाते हैं और शिवरात्रि पर भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाकर अपनी मन्नत मांगते हैं। इसके लिए भक्त अपने साधनों से बुधवार को निकले और जाकर टोल प्लाजा पर फंस गए। बुधवार रात दस बजे से टोल पर जाम लगना शुरू हुआ तो वह नवाबगंज तक पहुंच गया और इसके बाद पूरा टोल प्रशासन सड़क पर नजर आ गया। हाल यह रहा कि कानपुर से लखनऊ और लखनऊ से कानपुर जाने वाले दोनों मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इसके साथ वह शिव भक्त भी थे जो टोल का पैसा भी नहीं दे रहे थे जिससे की कई बार विवाद की स्थिति बनी।
इस संबंध में टोल प्रभारी सीपी दीक्षित ने बताया की रात को शिव भक्तों की वजह से जाम लग गया था जो रात दो बजे तक चला और दो बजे टोल सुचारु रूप से चल सका। अचानक शिव भक्तों की भीड़ और नो इंट्री खुलने से यह जाम रहा था।
मारपीट की आई नौबत
रात करीब 12 बजे बूथ नंबर पांच पर एक लोडर में लदे शिव भक्त टोल न देने पर अड़ गए और मारपीट की स्थिति बन गई। वहां पर टोल प्रभारी और चौकी इंचार्ज पहुंचे और मामले को वहीं पर शांत कराया।