नवरात्र के पांचवें दिन स्कंदमाता स्वरूपा देवी का हुआ पूजन
संवाद सहयोगी शुक्लागंज नवरात्र के पांचवे दिन बुधवार को घरों से लेकर मंदिरों तक स्कंदमात
संवाद सहयोगी, शुक्लागंज : नवरात्र के पांचवे दिन बुधवार को घरों से लेकर मंदिरों तक स्कंदमाता स्वरूपा मां दुर्गा का भक्तों ने पूजन-अर्चन किया। घरों से लेकर मंदिरों तक पान, सुपारी ध्वजा,नारियल, लहंगा, चुनरी, रोली, पुष्प, धूप, दीप समर्पित कर मां से सुख व समृद्धि की कामना की गई।
भक्तों ने मां दुर्गा की आरती उतार कर प्रसाद का वितरण किया। व्रत करने वाले लोगों ने दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। राजधानी मार्ग स्थित श्रीदुर्गा मंदिर के बाहर माता रानी के दर्शन के लिए सुबह से शाम तक भक्तों की भीड़ रही। कोरोना काल में मंदिर बंद रहने के कारण बाहर से ही मां दुर्गा के दर्शन किए। मंदिर के बाहर बच्चों के मुंडन व कर्ण छेदन संस्कार कराए गए। दर्शन को लेकर सुबह से लेकर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा। अंबिकापुरम स्थित नवदुर्गा मंदिर में भक्तों ने मां दुर्गा की पूजा अर्चना की गई। यहां भी भक्तों की भीड़ लगी रही। इसी तरह चंपापुरवा, गांधीनगर, पोनीरोड, नेहरूनगर, अंबिकापुरम, सीताराम कालोनी, ब्रह्मनगर, गायत्रीनगर भातूफार्म, आजादनगर स्थित दुर्गा मंदिरों में माता रानी के दर्शन करने भक्त पहुंचे।