घना कोहरा व शीतलहर से लोगों का बुरा हाल
जागरण संवाददाता उन्नाव शनिवार को पश्चिम की हवा का दबाव होने से सुबह घना कोहरा पड़ा।
जागरण संवाददाता, उन्नाव : शनिवार को पश्चिम की हवा का दबाव होने से सुबह घना कोहरा पड़ा। सुबह छह से 10 बजे तक दृश्यता तीन मीटर रही, जिससे यातायात प्रभावित रहा। शीतलहर चलने से लोगों का सर्दी से बुरा हाल रहा। सड़कों पर सुबह 10 बजे तक सन्नाटा रहा। जब धूप निकली तो सड़क पर चहल-पहल बढ़ी। इसके साथ ही गलन भी कम हुई लेकिन शाम होते ही गलन फिर से बढ़ गई। अधिकतम तापमान 14 डिग्री रहा जो 24 घंटे में छह डिग्री नीचे गिर गया। न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक अभी कोहरा पड़ेगा लेकिन धूप भी निकलेगी।
शनिवार की रात करीब नौ बजे से कोहरा पड़ना शुरू हुआ और भोर पहर खासा घना हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक रात में ऊपरी और नीचे की सतह में नमी अधिक होने से घना कोहरा पड़ा। कोहरा होने से नमी का प्रतिशत 95 फीसद हो गया। रात में हाल यह रहा कि दृश्यता 10 मीटर रही जिससे हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। सर्दी के कारण सड़क पर रात गुजारने वाले लोग किसी तरह लकड़ी व कूड़ा जलाकर अलाव की व्यवस्था कर शरीर को गर्म करते नजर आए। बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा, रैन बसेरा व कब्बाखेड़ा रोड पर गरीब तबका सर्द रात में अलाव ताप रात गुजारने को विवश है।
गेहूं को लाभ, आलू को नुकसान
रात और सुबह घना कोहरा होने से गेहूं की फसल को लाभ मिल रहा है, लेकिन आलू की फसल के लिए यह नुकसानदेय है। आलू की फसल को रोग लगने की संभावना है। हरी सब्जियों की फसल को भी पाला लगने से उनके सड़ने का खतरा बढ़ गया है।