हवा में गर्माहट के साथ बढ़ा पारा, आंधी की संभावना
जागरण संवाददाता उन्नाव हवा का रुख बदलने के साथ गर्मी की बढ़त का काउंटडाउन शुरू हो ग
जागरण संवाददाता, उन्नाव : हवा का रुख बदलने के साथ गर्मी की बढ़त का काउंटडाउन शुरू हो गया है। मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के साथ दोपहर में गर्म हवा चली, जिससे जल्द ही आंधी की संभावना जताई जा रही है।
तापमान बढ़ने से नमी कम हो रही है और शुष्कता बढ़ रही है। दो साल बाद मार्च सबसे गर्म रहा है। जिस तरह से मौसम बना हुआ है, उससे साफ है कि अप्रैल में गर्मी चुनौती बनकर खड़ी होगी। मंगलवार को उत्तर-पूर्व और पश्चिम की हवा चली, जिससे तापमान में बढ़त दर्ज की गई। सुबह 11 बजे तापमान 31 डिग्री रहा, जो अब तक सबसे अधिक रहा। इसी कारण दोपहर में हाल यह रहा कि लोग सड़क पर कम ही दिखे। अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा। सन् 2018 के बाद इस साल मार्च में औसत तापमान 26 डिग्री है जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक हवा बराबर बदल रही है, जिससे तापमान बढ़ रहा है। वहीं आंधी और बूंदाबांदी की संभावना है। साथ ही अप्रैल में मौसम गर्म रहने की आशंका है।