फरहदपुर मंडी में केमिकल से पकाए जा रहे आम
डीएम के निर्देश पर फरहदपुर आम मंडी में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने आम की गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान आम को पकाने में लगने वाले केमिकल को जांचकर सैम्पल एकत्र किए।
संवाद सहयोगी, हसनगंज: डीएम के निर्देश पर फरहदपुर आम मंडी में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने आम की गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान केमिकल से आम पकाने का खुलासा हुआ। आम को पकाने में लगने वाले केमिकल का सैंपल लेकर जांच को लखनऊ भेजा है।
सुरक्षा अधिकारी मान सिंह निरंजन ने मो. याकूब के गोदाम का निरीक्षण किया जिसमें लिक्विड केमिकल का स्प्रे कर आम पकाया जा रहा था। इसके अलावा टीम सुमेर सिंह, राहुल तिवारी,सुनील, इकराम, मदन के गोदाम पर निरीक्षण किया। जहां आम को पकाने में प्रयोग की जाने वाली चाइनीज पुड़िया मिली। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच में लिक्विड,चाइनीज पुड़िया आदि मिली है, जिसके नमूने लिए गए हैं। एसडीएम प्रदीप कुमर वर्मा ने बताया कि मंडी में किसी को सेहत के लिए हानिकारक केमिकल से आम पकाने नहीं दिया जायेगा। इसके लिए टीम समय समय पर निरीक्षण करती रहेगी। टीम में मुख्य सुरक्षा अधिकारी मान सिंह निरंजन, आरसी फारूकी, रामनरेश मौजूद रहे।