धान खरीद नहीं होने से किसान परेशान
जागरण संवाददाता उन्नाव जिले में धान खरीद की स्थिति खराब है। मोटा धान खरीदा नहीं जा रहा
जागरण संवाददाता, उन्नाव : जिले में धान खरीद की स्थिति खराब है। मोटा धान खरीदा नहीं जा रहा है तो वहीं धान डंप होने से किसानों को धान बिक्री के लिए चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। थक हारकर किसान बाजार में घाटे में धान बेचने को मजबूर है।
शुक्रवार को फतेहपुर चौरासी के बबुरिहा केंद्र पर कोई भी किसान धान लेकर नहीं पहुंचा और काली मिट्टी धान क्रय केंद्र पर धान खरीद बंद रहा। बांगरमऊ नगर की गल्ला मंडी स्थित सरकारी क्रय केंद्र विपणन शाखा व पीसीएफ शाखा सेंटरों पर हाइब्रिड धान खरीद बंद है। मानक विहीन धान बताकर किसानों को वापस कर दिया जाता है। सिर्फ महीन धान की खरीद हो रही है। धान खरीद में सिर्फ कागजी खानापूर्ति की जा रही है। कस्बा भगवंत नगर में विपणन शाखा धान क्रय केंद्र में धान खरीद चल रही है। खराब मौसम को देखते हुए खरीदा जा रहा धान ट्रक में लोडकर मिलर्स के यहां भेजा जा रहा है। केंद्र में अब तक 15000 क्विंटल के सापेक्ष 570 किसानों से 22801 क्विटल 20 किलो की खरीद हो चुकी है। तुसरौर धान खरीद केंद्र पर खरीद बंद चल रही है। किसान परेशान हैं। शिकायत बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। विपणन विभाग द्वारा संचालित सिकंदरपुर कर्ण धान क्रय केंद्र में किसानों को मिलर्स के पास भेज दिया जाता है। सेटिग करने वालों की ही धान खरीदा जा रहा है। पंचम पुरवा के किसान राम सिंह यादव, कुर्मापुर के छोटे लाल व हड़हा के अशोक कुमार ने मिलर्स द्वारा 12 से 15 किलो की कटौती का आरोप लगाया। उसके बाद कटौती तौल को केंद्र में चढ़ा कर खरीद दिखायी जाती है। किसान इसकी शिकायत डिप्टी आरएमओ से भी कर चुके हैं।
--------------
विपणन अधिकारी के निलंबन के बाद विभाग बेलगाम
- विपणन अधिकारी के निलंबन के बाद से विभाग बेलगाम हो गया है। लगातार दूसरे दिन कई जगहों पर धान की खरीद नहीं हो सकी है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर कोई व्यवस्था नहीं की गई।
-------------
एक नजर खरीद पर
क्रय केंद्र- 33
खरीद- 19710.78
प्रतिशत- 90 फीसद
लाभांवित किसानों की संख्या- 4852