मंडलीय उप विद्यालय निरीक्षक ने जांचे परिषदीय स्कूल
जागरण टीम उन्नाव कोरोना काल में प्रभावित शिक्षण कार्यों को पटरी पर लाने की कवायद वर्चुअ
जागरण टीम, उन्नाव: कोरोना काल में प्रभावित शिक्षण कार्यों को पटरी पर लाने की कवायद वर्चुअल क्लास से हो रही। इसकी हकीकत जांचने की कवायद उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने शुरू की है। शुक्रवार को मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक के आदेश पर उप विद्यालय निरीक्षक उर्दू लखनऊ बिरजू भारती ने दो विकासखंड के परिषदीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। शिक्षकों की उपस्थिति को जांचते हुए ऑनलाइन कक्षा को लेकर होने वाले कार्यों की समीक्षा की। कुछ स्कूलों में कमी मिलने पर प्रधान शिक्षकों को चेताया।
उप विद्यालय निरीक्षक उर्दू लखनऊ बिरजू भारती ने परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे किया। सबसे पहले सिकंदरपुर कर्ण में स्कूलों का निरीक्षण किया। यहां पर छह स्कूल उन्होंने जांचे। इसके बाद सिकंदरपुर सरोसी विकासखंड के स्कूलों का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि स्कूलों की जांच में सबसे ज्यादा जोर शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर रहा। इसके अलावा वर्चुअल क्लास से कितने बच्चों को स्कूलों ने जोड़ा, इस बात का सबूत शिक्षकों से लिया गया। प्रेरणा एप व शिक्षण कार्यों को लेकर अपनाए गए डिजिटल प्लेटफार्म की जानकारी भी शिक्षकों से की गई। कुछ स्कूलों में स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। इस बाबत खंड शिक्षाधिकारियों से जानकारी की गई। निदेशालय के आदेशानुसार यह कार्यवाही की गई है। स्कूलों में प्रावि सरैया, बदरका, ताजपुर, झाऊखेड़ा सहित उच्च प्रावि बदरका प्रमुख रहे।