झोपड़ी में आग से गृहस्थी जली
संवाद सूत्र, अचलगंज : मंगलवार रात आग की चपेट में आकर एक महिला की झोपड़ी में रखी गृहस्थ
संवाद सूत्र, अचलगंज : मंगलवार रात आग की चपेट में आकर एक महिला की झोपड़ी में रखी गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। पीड़िता ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर तीन पड़ोसियों पर साजिशन आग लगाने की आशंका जतायी है।
थाना क्षेत्र के हड़हा गांव में अपनी नाबालिग बेटी के साथ रह रही आंचल की झोपड़ी में मंगलवार रात 9 बजे आग लग गयी। घटना के समय आंचल बकरी बांधने गई थी, लौट कर आई तो झोपड़ी में लगी आग विकराल रूप ले चुकी थी। पीड़िता ने पुलिस को फोन कर फायर ब्रिगेड मंगवाने की गुहार लगाई। मौके पर इंस्पेक्टर आशुतोष त्रिपाठी पहुंचे, लेकिन दमकल आने के पहले ही सब कुछ राख हो गया। आग लगने से गृहस्थी का सामान व अनाज कुछ भी नहीं बचा। पीड़िता ने तहरीर में तीन लोगों पर आग लगाने की आशंका व्यक्त की है। बुधवार को हड़हा लेखपाल ने पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया।